बरेली: नदी किनारे बुजुर्ग महिला का मिला शव, हत्या का आरोप
एसएसपी, एसपी देहात ने पहुंचकर लिया घटना स्थल का जायजा
DEMO IMAGE
मीरगंज, अमृत विचार। मीरगंज क्षेत्र में चार दिन पहले बेटे के साथ दवा लेने गई 60 साल की बुजुर्ग महिला लापता हो गईं। उनका शव सोमवार की शाम को भाखड़ा नदी किनारे मिला। एसएसपी, एसपी देहात ने पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच की। फील्ड यूनिट ने मौके से साक्ष्य एकत्रित किए। परिजनों ने महिला की हत्या का आराेप लगाया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
यह भी पढ़ें- बरेली: प्रत्येक शनिवार को कालीबाड़ी में जारी रहेगा रूट डायवर्जन
गांव गूला निवासी रेशमा 12 अक्टूबर को बेटे रोहतास कुमार के साथ मीरगंज बाजार में दवा और घरेलू सामान लेने के लिए गई थीं। खरीददारी कराने के बाद बेटे ने घर जाने के लिए गांव के लिए एक ऑटो में बैठा दिया था। देर रात तक बुजुर्ग महिला घर नहीं पहुंची। परिजनों ने अगले दिन गुमशुदगी दर्ज कराई।
सोमवार दोपहर बाद राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी कि गूला फाटक के पास भाखड़ा नदी किनारे एक महिला का शव होनी की सूचना दी। एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान, एसपी देहात मुकेश चंद्र मिश्र, सीओ मीरगंज, फील्ड यूनिट और मीरगंज पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंच कर निरीक्षण किया।
थाना प्रभारी हरेंद्र सिंह ने बताया कि महिला की गुमशुदगी दर्ज की गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। बेटे रोहताश ने बताया कि उनकी मां ने सोने की चेन, कुंडल और पायल पहने हुए थीं और उनके पास पांच हजार रुपये भी थे। बेटे का आरोप है कि मां के कपड़े फटे हुए थे और साड़ी ऊपर से पड़ी थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
परिजनों ने कुछ लोगों से बताया पहले का विवाद
मौके पर पहुंचे एसएसपी को परिजनों ने बताया कि उनका कुछ लोगों से पहले का विवाद चल रहा है। आशंका है कि कहीं उन्हीं लोगों ने हत्या न की हो। हालांकि अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है। मामले का खुलासा करने के लिए थाना पुलिस समेत एसओजी की टीम लगाई गई है।
परिजनों ने कुछ लोगों से पहले का विवाद बताया है। जिसकी जांच की जा रही है। अभी कोई तहरीर नहीं दी है। परिजनों की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी---घुले सुशील चंद्रभान, एसएसपी।
यह भी पढ़ें- बरेली: कैंट में झोलाछाप के इलाज से महिला की मौत, तीन दिन पहले आया था बुखार
