मुरादाबाद : 25 साल से बंद नर्सरियों का होगा कायाकल्प, जल्द शुरू होगा कार्य

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

योजना : 9 करोड़ रुपये में से 4 करोड़ जारी किए गए

मुरादाबाद, अमृत विचार। जिले में 25 साल पहले बंद हुई उद्यान विभाग की चार नर्सरी का फिर से कायाकल्प होगा। इसके लिए 9 करोड़ रुपये का बजट भी जारी हो गया है। कार्यदायी संस्था के खाते में 4 करोड़ रुपये आ गए हैं। जिला उद्यान अधिकारी की देखरेख में कार्यदायी संस्था द्वारा जीर्णोद्धार कार्य कराया जाएगा।

जिले के ठाकुरद्वारा ब्लॉक के गांव रोंडा व घोंडा और ठाकुरद्वारा के फत्तेहउल्लागंज व पंड़ितपुर गांव में स्थित चार नर्सरी 25 साल पहले किन्ही कारणों के चलते बंद हो गई थी। अब इन नर्सरियों को फिर से शुरू किया जा रहा है। रोंड़ा गांव में 1380 वर्ग मीटर की नर्सरी के लिए 2 करोड़ रुपये स्वीकृत हुआ और 1.42 करोड़ रुपये अब तक मिल गया है। वहीं घोंडा गांव की नर्सरी के लिए स्वीकृत हुए 3.85 करोड़ रुपये में से 1.52 करोड़ रुपये मिल गए हैं। 

ठाकुरद्वारा ब्लॉक के गांव फत्तेहउल्लागंज की नर्सरी के लिए स्वीकृत 1.89 करोड़ में से 94. 88 लाख व पंड़ितपुर गांव की नर्सरी के लिए स्वीकृत 1.67 करोड़ में से 83.58 लाख रुपये दिये जा चुके हैं। इन सभी नर्सरियों में फेसिंग, इंटरलाकिंग समेत अन्य 14 बिंदुओं के कार्य इस बजट से कराए जाएंगे। वहीं, बिलारी की पौधशाला को विकसित करने के लिए 43,39,000 रुपये का बजट भी मिला है। जिला उद्यान अधिकारी गया प्रसाद ने बताया कि चारों नर्सरियों के कायाकल्प का कार्य जल्द ही शुरू करा दिया जाएगा। वहीं बिलारी की पौधशाला को भी विकसित किया जाएगा।

जागरूकता अभियान में प्रदेश में पहले स्थान पर जनपद, अमरोहा तीसरे स्थान पर
मुरादाबाद। राष्ट्रीय पोषण माह के दौरान कराए गए जागरूकता कार्यों में विभिन्न गतिविधि संचालित करने में प्रदेश में मुरादाबाद पहले स्थान पर आया है। जबकि दूसरे स्थान पर श्रावस्ती व तीसरे स्थान पर अमरोहा है। मंडल के संभल जिले की हालत खराब रही है। यहां सूची में 10 सबसे खराब जिलों में संभल पहले स्थान पर है। वहीं बरेली 10वें स्थान पर आया है।   प्रदेश सरकार की तरफ से एक से 30 सितंबर तक राष्ट्रीय पोषण माह अभियान चलाया गया था। जिसमें एनीमिया जांच, दवा वितरण, जागरूकता रैली, गोदभराई, अन्न प्राशन, टीकाकरण की वोकल फॉर लोकल (क्षेत्रीय अनाज से बनी रेसीपीज,लोकल खिलौनों को प्रोत्साहन), पोषण जागरूकता रैलियां इत्यादि की गतिविधियां संचालित की गई थी।

अभियान के तहत आंगनबाड़ी कार्यकत्री घर-घर जाती थी। इसके अलावा केंद्र पर विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लोगों को लाभान्वित किया जाता था। कार्यक्रम को दो अक्टूबर तक बढ़ाया गया था। इन गतिविधियों को संचालित करने में जिले को प्रदेश में पहला स्थान मिला है। वहीं मंडल के अमरोहा जिले को तीसरे स्थान मिला है। जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रीति सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय पोषण माह के तहत जिले में 1,18,000 गतिविधियां कराई गईं थीं। तीन दिन पहले शासन ने प्रदेश स्तर पर रैंकिंग जारी की है। जिसमें जिला पहले स्थान पर आया है।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद: प्रसिद्ध यूट्यूबर के दवाखाने पर कई विभागों की छापेमारी, दवाओं के लिए सैंपल

 

संबंधित समाचार