UP: मकान खाली कराने के 50 हजार रुपये लगेंगे, थानाप्रभारी को रुपये देने पहुंचा पीड़िता… एंटी करप्शन टीम ने धर दबोचा
कानपुर में 50 हजार घूस लेते कलक्टरगंज इंस्पेक्टर गिरफ्तार।
कानपुर में एंटी करप्शन टीम ने 50 हजार रुपये की घूस लेते कलक्टरगंज इंस्पेक्टर को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी इंस्पेक्टर ने मकान खाली कराने के नाम पर पैसे की मांग की थी।
कानपुर, अमृत विचार। एंटी करप्शन की टीम ने 50 हजार घूस लेते कलक्टरगंज थाना प्रभारी (इंस्पेक्टर) को रंगेहाथ दबोच लिया। पुलिस कमिश्नर आरके स्वर्णकार ने बताया कि थाना प्रभारी रामजनम गौतम को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। साथ ही विभागीय जांच शुरू कराने के आदेश दिए है।
फीलखाना निवासी नरेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि उन्होंने कुछ समय पूर्व कलक्टरगंज में एक मकान खरीदा था। तीन अक्टूबर को वह जर्जर पड़े मकान को खाली कराने के लिए गए थे, जिस पर उनका कब्जेदारों से विवाद हो गया था। कब्जेदारों ने नरेंद्र की जमकर पिटाई कर दी थी। नरेंद्र ने सूचना कलक्टरगंज पुलिस को दी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
नरेंद्र ने बताया कि थाना प्रभारी रामजनम गौतम से शिकायत करने पर वह बार-बार टरका रहे थे। बीते शनिवार को नरेंद्र फिर कलक्टरगंज थाना प्रभारी से शिकायत करने पहुंचे, जिस पर रामजनम गौतम ने मकान खाली कराने के एवज में 50 हजार रुपये की मांग की। नरेंद्र ने एंटी करप्शन टीम को सूचना दी।
एंटी करप्शन की इंस्पेक्टर एकता त्यागी को यह मामला सौंपा गया था। सोमवार देर रात एंटी करप्शन की 14 सदस्यीय टीम थाने पहुंची। तय कार्यक्रम के अनुसार नरेंद्र थानाप्रभारी के आवास पर 50 हजार रुपये देने पहुंचे। नरेंद्र ने जैसे ही थाना प्रभारी को 50 हजार रुपये पकड़वाए, मौके पर मौजूद एंटी करप्शन की टीम ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
थाने में तैनात मातहतों के सहयोग न करने पर एंटी करप्शन की टीम थाना प्रभारी को कोतवाली लेकर पहुंची, जहां आरोपी थाना प्रभारी को गिरफ्तार कर लिया गया। थाना प्रभारी मूलरूप से आजमगढ़ के फिरोजाबाद थाना मुबारपुर निवासी है।
