Kanpur Mayor ने केंद्र से मांगे 570 करोड़ रुपये, जलापूर्ति समेत कई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए शहरी विकास मंत्री से मुलाकात
कानपुर महापौर प्रमिला पांडेय ने केंद्र से 570 करोड़ रुपये मांगे।
कानपुर महापौर प्रमिला पांडेय ने केंद्र से 570 करोड़ रुपये मांगे। इसके साथ ही उन्होंने जलापूर्ति, मार्ग प्रकाश और कूड़ा निस्तारण व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए शहरी विकास मंत्री से मुलाकात भी की।
कानपुर, अमृत विचार। महापौर प्रमिला पांडेय ने शहर की जलापूर्ति, मार्ग प्रकाश और कूड़ा निस्तारण व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए केंद्र से 570 करोड़ रुपये मांगे हैं। सोमवार को दिल्ली में केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी को उन्होंने शहर की समस्याओं से अवगत कराया।
महापौर ने कहा कि जेएनएनयूआरएम के तहत गंगा बैराज से पेयजल योजना के लिए पाइप लाइन बिछायी गई थी। इस लाइन के सुदृढ़ीकरण के लिए पाइप रेट्रोफिटिंग कार्य योजना बनाई गई है। इसकी अनुमानित लागत 139.38 करोड़ है। अमृत योजना 2.0 के अंतर्गत यह राशि उपलब्ध करायी जाए।
इसी तरह शहर के दक्षिण क्षेत्र एवं पूर्वी वार्डों की पेयजल समस्या के निस्तारण के लिए अमृत 2.0 से 347 करोड़ की धनराशि की अपेक्षा है।
शहर में मार्गप्रकाश व्यवस्था खस्ताहाल बताते हुए महापौर ने नगर निगम को 70 करोड़ रुपये उपलब्ध कराने की मांग की।
महापौर ने बताया कि इससे सीसीएमएस (सेन्ट्रल कन्ट्रोलिंग एंड मॉनिट्रिंग सिस्टम) लगाकर मार्ग प्रकाश बिन्दुओं को ऑटोमेटिक ऑन ऑफ किये जाने की योजना को पूरा किया जाएगा। इससे विद्युत बिल भुगतान में बचत हो सकेगी।
महापौर ने कूड़ा निस्तारण के लिए 20 नये कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन बनाने की जरूरत बताते हुए 15 करोड़ धनराशि कानपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड को आवंटित करने की मांग की।
महापौर ने यह सुझाव भी दिया कि 15 वें वित्त आयोग से एयर पॉल्यूशन के अंतर्गत आवंटित की जाने वाली धनराशि को पोर्टल के माध्यम से आवंटित किया जाये एवं पोर्टल पर मैप के माध्यम से सड़क, पार्क, कूड़ा निस्तारण के काम की जीआईएस टैगिंग भी की जाए, ताकि रियल टाइम मॉनीटरिंग की जा सके।
