उन्नाव पहुंचकर कमिश्नर ने सुनी फरियादियों की समस्याएं, भूमाफिया को लेकर दिए सख्त निर्देश, कब्जेदारी के सबसे ज्यादा मामले

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कमिश्नर रोशन जैकब ने उन्नाव पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनी।

कमिश्नर रोशन जैकब ने उन्नाव पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनी। उन्होंने भूमाफियाओं को लेकर सख्त निर्देश दिए। इस दौरान डीएम व एसपी समेत जिले के सभी आलाधिकारी मौजूद रहे।

उन्नाव, अमृत विचार। उन्नाव कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में मंगलवार को कमिश्नर रोशन जैकब लोगों की समस्याएं सुनने पहुंची। इस दौरान उन्होंने एक-एक फरियादी को बुलाकर उनकी समस्याएं सुनी। कमिश्नर ने जिले के आलाधिकारियों को सरकारी जमीनों को कब्जामुक्त कराने के सख्त निर्देश दिए। 

बता दें कि इन दिनों उन्नाव में भूमाफियाओं द्वारा सरकारी व निजी जमीनों पर कब्जा किये जाने की शिकायतें आम हैं। ऐसी ही कई शिकायतें पूर्व में जिले के आलाधिकारियों समेत सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ तक भी पहुंची थीं। इसके बाद शासन के निर्देश पर मंगलवार सुबह कमिश्नर रोशन जैकब मंगलवार को उन्नाव पहुंचीं। उनकी अध्यक्षता में मंडलीय जनता दर्शन का आयोजन कलक्ट्रेट भवन स्थित सभागार में हुआ।

इस दौरान उन्होंने फरियादियों की समस्याएं सुनी। उन्होंने जनता दरबार में मौजूद डीएम अपूर्वा दुबे, एसपी सिद्धार्थ शंकर मीना समेत तमाम अधिकारियों को भूमाफियाओं को चिन्हित करने के निर्देश दिए हैं।

इसके साथ ही सरकारी जमीनों को भी जल्द से जल्द कब्जामुक्त कराने की बात कही। उन्होंने कहा कि शिकायत आने से पहले ही सरकारी जमीनों को चिन्हित किया जाए और उन्हें कब्जामुक्त कराया जाए। आदेशित किया कि लखनऊ की तरह उन्नाव में भी भूमाफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। 

कुल 300 फरियादों में 233 मामले कब्जेदारी के पहुंचे 

मंडलीय जनता दर्शन में कमिश्नर के सामने करीब 300 लोगों ने अपनी फरियाद सुनाई। बड़ी बात यह रही कि इनमें से करीब 233 मामले भूमाफियाओं द्वारा सरकारी व निजी जमीनों पर कब्जा किये जाने के रहे। यह देख कमिश्नर ने नाराजगी जताते हुए ऐसे मामलों को जल्द से जल्द निस्तारित कराने के निर्देश दिये हैं।

संबंधित समाचार