Chitrakoot: क्रेटा ने बाइक में मारी टक्कर… दो युवकों की मौत, हादसा देख सहम गए लोग, दोनों में थी अच्छी दोस्ती
चित्रकूट में मजदूरी की तलाश में निकले दो युवकों की सड़क हादसे में मौत।
चित्रकूट में तेज रफ्तार क्रेटा ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
चित्रकूट, अमृत विचार। घर से मजदूरी के लिए निकले दो युवकों की बाइक को राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। आमने-सामने की टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवकों ने मौके पर दम तोड़ दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतकों के परिजनों की तहरीर पर कारचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
मदना ग्राम पंचायत के मजरे बगियापुरवा निवासी लक्ष्मण राजपूत (20) पुत्र धर्मपाल पड़री निवासी गांव के ही पप्पू यादव (32) पुत्र रजवा के साथ बाइक से मंगलवार की सुबह काम की तलाश में कर्वी आ रहे थे। कर्वी में ट्रैफिक चौराहे पर श्रमिक खड़े होते हैं और यहीं से काम के लिए लोग इनको ले जाते हैं।
सुबह लगभग आठ बजे मुख्यालय से लगभग चार किमी पहले कालूपुर पाही में ग्रामीण अभियंत्रण विभाग कार्यालय के पास कर्वी की ओर से आ रही तेज रफ़्तार क्रेटा ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों छिटककर दूर जा गिरे। कुछ ही मिनटों के अंतराल में दोनों ने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कोतवाली प्रभारी अजीत कुमार पांडेय ने बताया कि क्रेटा के चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। मृतक के परिजनों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। बताया कि कारचालक के चोटें नहीं आईं।
अविवाहित था लक्ष्मण
लक्ष्मण की शादी नहीं हुई थी। परिजनों के मुताबिक, वह पहले परदेश में कमाता था पर कुछ दिन पहले ही गांव में रहने लगा था। लक्ष्मण ने गांव के प्राथमिक विद्यालय में पांचवी तक पढ़ाई की थी। चार भाइयों में वह सबसे छोटा था।
पप्पू का सबसे छोटा बेटा पांच माह का
पप्पू परिवार में सबसे बड़ा था। उसके तीन छोटे भाई हैं। पप्पू मजदूरी करके अपना और परिवार का पेट भरता था। परिजनों ने बताया कि वह जब लक्ष्मण के साथ बाइक से नहीं जाता था तो साइकिल या टेंपो से कर्वी मजदूरी करने आता था। उसकी शादी परसौंजा में हुई थी और तीन बच्चे हैं। सबसे छोटा बच्चा पांच माह का है।
गाढ़ी दोस्ती थी दोनों में
गांववालों के मुताबिक, लक्ष्मण और पप्पू की गाढ़ी दोस्ती थी। एक ही ग्राम पंचायत के अलग-अलग मजरों के निवासी दोनों युवक अक्सर बाइक से आते जाते थे। दोनों मजरे पास में हैं। अक्सर काम की तलाश में कर्वी भी बाइक से ही आना जाना होता था। लक्ष्मण बाइक चलाता था और पप्पू पीछे बैठता था। बताया जाता है कि पप्पू को बाइक चलानी नहीं आती थी और ऐसे में पप्पू ही बाइक चलाया करता था। मंगलवार को भी दोनों रोज की तरह साथ निकले थे पर नियति को कुछ और ही मंजूर था।
भीषण था हादसा
हादसा इतना भीषण था कि जिसने भी घटनास्थल में देखा, सहम गया। क्रेटा जहां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी, वहीं बाइक के परखच्चे उड़ गए थे। क्रेटा के नंबर से पता चला कि वह लखनऊ की थी।
