जातीय गणना में पिछड़ेपन का अध्ययन भी जरूरी, डॉ. सोने लाल पटेल के परिनिर्वाण दिवस पर बोलीं अनुप्रिया

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रतापगढ़। देश की राजनीति में इन दिनों जातीय जनगणना की परिचर्चा हो रही है। अपना दल (एस) के लिए नई नहीं है। पार्टी के गठन के समय से ही इसकी मांग उठती रही है। हमारा देश विविधताओं से भरा है। जातियों की विविधता में भी भारत की एकता है। जातियों के प्रमाणिक आंकड़े के साथ सामाजिक और आर्थिक पिछड़ेपन का अध्ययन जरूरी हैं। इसलिए जातिवार गणना में सभी जातियों का समावेश जरूरी है।

उक्त बातें अपना दल (एस) की राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने जीआइसी मैदान में मंगलवार को अपना दल के संस्थापक डा. सोने लाल पटेल के परिनिर्वाण दिवस पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए कही। उन्होंने कहा कि अपना दल (एस) लगातार ओबीसी क्रेमीलेयर का दायरा बढ़ाने की मांग कर रहा है। पहले इसकी सीमा छह लाख थी। उसे बढ़ाकर 2017 में आठ लाख किया गया। अब इसे 15 लाख तक करने की मांग अपना दल (एस) लगातार कर रही है। हर तीन साल में इसे बढ़ना चाहिए, जो बढ़ नहीं पा रही है।

कहा कि जिस प्रकार से अल्पसंख्यक और अनुसूचित जनजाति के लिए अलग से मंत्रालय है। उसी तरह पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्रालय भी होना चाहिए। जब तक अपना दल (एस) की यह मांग भी पूरी नहीं हाूेती है, तब तक संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से लोकसभा चुनाव में ईमानदारी से मेहनत करने की अपील की। चुनाव में रिकार्ड परचम लहराने का संकल्प दिलाया।

इसके बाद मीडिया से कहा कि एनडीए के सामने आइएनडीएआइ टिकेगा नहीं, जिन पांच राज्यों में विधानसभा के चुनाव हो रहे हैं, वहां पर एनडीए की ही जीत होगी। अनुप्रिया ने डा. सोनेलाल पटेल को महापुरुष और विचार पुरुष बताया। कहा कि उनके विचार हमेशा हमारे दिलों में हैं,वह पथ प्रदर्शन कर रहे हैं। विश्वनाथगंज विधायक जीतलाल पटेल ने कहा कि जब डा. सोनेलाल पटेल ने पार्टी का गठन किया था, तो उसके बाद प्रतापगढ़ में इतनी भीड़ हुई थी, अब दोबारा उनके परिनिर्वाण दिवस पर ऐसी भीड़ हुई है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

सभी वक्ताओं ने प्रतापगढ़ की धरती को उर्वरक बताया। क्योंकि यहीं से पार्टी का राजनीतिक सफर शुुुरू हुआ था। इस मौके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष को प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार पाल ने गौतम बुद्ध की प्रतिमा, प्रज्ञा कुमार सिंह ने साफा व गदा एवं विधायक विश्वनाथगंज की पत्नी विमलेश पटेल ने चांदी का मुकुट भेंट कर स्वागत किया। राष्ट्रीय सलाहकार राजेंद्र प्रसाद पाल, विधायक विश्वनाथगंज जीतलाल पटेल ने अतिथियों का शाब्दिक स्वागत किया। अनुप्रिया की छोटी बहन अमन पटेल ने पार्टी के संस्थापक सदस्य लक्खू चौधरी, लल्लू पटेल को चांदी का मुकुट पहनाकर स्वागत किया। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष बृजेश पटेल व संचालन केके पटेल ने किया।

आशीष के निशाने पर रही पल्लवी
अद एस के कार्यकारी अध्यक्ष व सूबे के कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल ने सपा सरकार पर निशाना साधा। आरोप लगाया कि जब यह चार बार सत्ता में थी तो इन्हें पिछड़ों के आरक्षण की चिंता नहीं थी। अपना दल (एस) के प्रयास से केंद्रीय विद्यालय, नवोदय विद्यालय और नीट में ओबीसी को आरक्षण मिला। कहा कि जब मुलायम सिंह यादव रक्षा मंत्री थे तो उन्होंने सैनिक स्कूल में आरक्षण की कोई व्यवस्था नहीं की। इसकी भी चिंता उनकी पार्टी ने की।

चुनाव आने पर सपा को ओबीसी की चिंता होती है। उन्होंने अपना दल कमेरावादी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व सिराथू विधायक को भी आड़े हाथ लिया। आरोप लगाया कि उन्होंने सोनेलाल के सिद्धांतों को छोड़कर दूसरे दल से हांथ मिला। कभी कमेरों की चिंता नहीं की। अगर सोनेलाल जीवित होते तो उनके परिवार को कोई सदस्य दूसरे दल से न होता। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जब उनकी पार्टी का कोई बड़ा कार्यक्रम होता है तो उसमें विघ्न डालने की कोशिश की जाती है। मीडिया के माध्यम से माहौल खराब करने का प्रयास होता है,लेकिन विफलता ही मिली।

राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व सांसद फूलपुर नागेंद्र प्रताप सिंह पटेल, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष ओपी कटियार, राष्ट्रीय महासचिव आरबी सिंह पटेल, विधान मंडल नेता राम निवास वर्मा, पूर्व कारागार मंत्री जय कुमार जैकी,राष्ट्रीय सलाहकार राजेंद्र पाल, प्रदेश अध्यक्ष महिला मंच दीप माला कुशवाहा, डा. अमित पटेल, प्रदेश उपाध्यक्ष युवा मंच इंजी. जितेंद्र पटेल,राबिन पटेल,कुशाग्र श्रीवास्तव, परमानंद मिश्र, विपिन वर्मा जिलाध्यक्ष आईटी सेल,आशीष पटेल आदि मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें:-तीन दिवसीय प्रवास पर गोंडा पहुंचे उड़ीसा के राज्यपाल, भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत 

संबंधित समाचार