शाहजहांपुर: खुटार में एलआईसी एजेंट की डेंगू और महिला की बुखार से मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

खुटार, अमृत विचार। क्षेत्र में डेंगू के साथ ही बुखार का प्रकोप कम होने का नाम नहीं ले रहा है। जिससे कई लोगों की जाने जा चुकी हैं। खुटार में बृहस्पतिवार को एलआईसी एजेंट की डेंगू और महिला की बुखार से मौत हो गई। कई दिनों से उनका अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा था। जहां बुखार से पीड़ितों ने दम तोड़ दिया है। लगातार हो रही मौतों से लोग सहमे हुए हैं। क्षेत्र के गांव रजमना निवासी एलआईसी एजेंट 49 वर्षीय राजीव शुक्ला को एक सप्ताह पहले बुखार आया था। 

परिजन राजीव को नगर में एक निजी चिकित्सक के यहां लेकर गए थे और स्वास्थ्य परीक्षण चेकअप के बाद डॉक्टर ने दवा दी थी। दो दिन तक दवा चलने के बाद हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। इसके बाद परिजनों ने राजीव का ब्लड टेस्ट कराया, तो जांच रिपोर्ट में डेंगू के लक्षण पाए जाने और प्लेटलेट्स काफी कम होने की वजह सामने आई थी। डॉक्टर ने उन्हें बरेली ले जाने की सलाह दी। इसके बाद राजीव को बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां हालत में कोई सुधार नहीं हुआ और लगातार प्लेटलेट्स डाउन होते चली गई थी। 

इसके बाद डॉक्टर ने उन्हें लखनऊ ले जाने की सलाह दी थी। परिजन राजीव को लखनऊ ले जाने की तैयारी कर रहे थे, कि बृहस्पतिवार सुबह उनकी मौत हो गई। मौत की खबर घर पहुंची तो कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी आशा देवी, पुत्री रुचि, प्राची, गुंजन, पुत्र ऋषभ का रो रोकर बुरा हाल है।

उधर, गांव बरबटपुर ( हाल पता खुटार नगर के मोहल्ला गांधीनगर) निवासी बलविंदर सिंह की 45 वर्षीय पत्नी रजविंदर कौर चार दिन से बुखार से ग्रसित थी। परिवार के लोग नगर के निजी अस्पताल से उनका इलाज चला रहे थे। बुधवार शाम को अचानक हालत बिगड़ गई और परिजन बरेली के निजी अस्पताल लेकर जा रहे थे। लेकिन रास्ते में ही राजविंदर कौर ने दम तोड़ दिया। सूचना घर पहुंची तो कोहराम मच गया। मृतक के परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।

कैंप में स्वास्थ्य परीक्षण कर की दवा वितरित
क्षेत्र के गांव नयागांव कुदरासी एवं नयागांव मुबारकपुर में कैंप लगाकर स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवा वितरित की। वहीं मौजूद मरीजो को डेंगू, मलेरिया, वायरल, खांसी, जुकाम आदि रोगों के संबंध में उपचार के लिए टिप्स दिए। कैंप में 109 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाएं वितरित की गईं। कैंप में डॉ. शशीवाला गौतम, डॉक्टर इमरान खान, नरेंद्र सिंह यादव, सुरेंद्र उपाध्याय आदि स्वास्थ्य कर्मचारी मौजूद थे।

ये भी पढे़ं- शाहजहांपुर: एसडीएम ने पकड़ा बिना लिखा-पढ़ी धान बेचने का खेल

 

 

संबंधित समाचार