अमरोहा: मध्य गंगा नहर में चार दोस्त डूबे, एक को बचाया
तीन दोस्तों की तलाश जारी, परिजनों में मचा कोहराम
DEMO IMAGE
सैद नगली, अमृत विचार। मध्य गंगा नहर में नहाने घुसे चार दोस्त अचानक डूब गए। इसमें एक युवक को सकुशल बचा लिया गया, लेकिन उसके तीन दोस्तों का पता नहीं चला। पुलिस व स्थानीय गोताखोर तीनों युवकों की तलाश में जुटे थे। घटना के बाद से युवकों के परिवार में कोहराम मचा है।
सैदनगली थाना क्षेत्र के गांव जीहल निवासी नदीम, उस्मान व नवाजिश अपने एक और साथी के साथ गांव के बराबर से गुजर रही मध्य गंगा नहर (बहजोई शाखा) में नहाने गए थे। नहाते समय चारों दोस्त पानी के तेज बहाव में बह गए। युवकों को बहता देख अन्य लोगों ने शोर मचा दिया।
शोर सुनकर मौके पर भीड़ जमा हो गई। गोताखारों ने तुरंत ही युवकों को बचाने के लिए नहर में छलांग लगा दी। थोड़ी देर बाद गोताखोरों ने एक युवक को सकुशल बाहर निकाल लिया, लेकिन अन्य तीन पानी के तेज बहाव में बह गए।
सूचना मिलते ही परिजन भी रोते-बिलखते मौके पर पहुंच गए। फिलहाल मध्य गंगा नहर में बहे तीनों युवकों की गोताखोरों की मदद से तलाश की जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष संदीप चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए थे।
यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: नेशनल हाईवे पर किन्नरों का प्रदर्शन, वाहनों पर किया पथराव...लगा जाम
