Kanpur News: प्रवर्तन निदेशालय ने अटैच की शाइन सिटी की संपत्ति… महराजपुर गांव स्थित भूमि पर लिया कब्जा
कानपुर में प्रवर्तन निदेशालय ने अटैच की शाइन सिटी की संपत्ति।
कानपुर में प्रवर्तन निदेशालय ने अटैच की शाइन सिटी की संपत्ति। महराजपुर गांव स्थित भूमि पर कब्जा लिया। वहीं, कई शहरों में पहले ही संपत्तियां सीज हो चुकी हैं।
कानपुर, अमृत विचार। उप्र, पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में ठगी करने की आरोपी शाइन सिटी कंपनी की संपत्तियों को अटैच करने का कार्य प्रवर्तन निदेशालय ने तेज कर दिया है। निदेशालय ने शुक्रवार को कानपुर के महाराजपुर गांव के पुरवामीर मौजा में स्थित 3.2772 हेक्टेयर भूमि को जब्त किया।
दस्ते ने आराजी संख्या 800, 804, 826, 827, 828 और 830 की 3.2772 हेक्टेयर जमीन पर बोर्ड लगाया और नोटिस चस्पा किया। आरोप है कि शाइन सिटी इंफ़्रा प्रोजेक्ट घोटाले का मास्टर माइंड राशिद नसीम दुबई में बैठकर अपने गुर्गों और एजेंटो के जरिए निदेशालय द्वारा पूर्व में जब्त भूमि को बेचकर नए निवेशकों को फंसा रहा है।
राशिद नसीम ने शाइन सिटी इंफ्रा प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड , शाइन सिटी शेपर्स प्राइवेट लिमिटेड, शाइन सिटी प्रोक्सिमा डेवेलपर्स प्राइवेट लिमिटेड, शाइन सिटी कंस्ट्रक्शंस प्राइवेट लिमिटेड नाम से कंपनियां बना रखी हैं। कंपनी के पास वाराणसी, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, झांसी, प्रयागराज और लखनऊ समेत कई जगहों पर संपत्तियां हैं। इन जिलों में प्रवर्तन निदेशालय पूर्व में संपत्तियां जब्त कर चुका है।
कंपनी ने निवेशकों को ठगने के लिए तमाम लुभावनी योजनाएं दीं और खूब धन अर्जित किया। कंपनी की ओर से निवेशकों को बायबैक स्कीम, प्रोजेक्ट इंवेस्टमेंट प्लान , मल्टीलेवल माकेर्टिंग, बिड एंड हॉट डील, शाइन वी. क्वाइन का झांसा देकर ठगा गया था। शाइन सिटी इंफ्रा प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड ने बड़े पैमाने पर किसानों से एग्रीमेंट करके भूमि ली और निवेशकों को ठगा।
शाइन सिटी के प्रबंध निदेशक राशिद नसीम, उसके भाई आसिफ नसीम, शाइन सिटी इंफ्रा प्रोजेक्ट लिमिटेड के अमिताभ कुमार श्रीवास्तव और मीरा श्रीवास्तव के नाम पर लखनऊ वाराणसी में खरीदे गए फ्लैट समेत नौ रिहायशी संपत्तियां पहले ही जब्त हो चुकी हैं। राशिद नसीम दुबई में बैठकर कारोबार को बढ़ाया और करोड़ों रुपये ठगे। इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय कार्रवाई कर रहा है।
