अमरोहा : घरेलू विवाद में नर्सिंग के छात्र ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान, परिवार में मचा कोहराम
पिंटू का फाइल फोटो।
डिडौली/चौधरपुर (अमरोहा),अमृत विचार। जनपद के देहात थाना क्षेत्र में कैलसा बॉर्डर के पास दिल्ली-लखनऊ रेल लाइन पर नर्सिंग के छात्र ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। आत्महत्या की वजह परिवारिक विवाद बताया जा रहा है। छात्र की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
डिडौली कोतवाली क्षेत्र के गांव बरखेड़ा राजपूत निवासी उमराव सिंह खेती करते हैं। उनका बेटा पिंटू एक निजी कालेज में नर्सिंग का छात्र था। घरेलू कलह के चलते बीती देर रात पिंटू ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। उसका शव देहात थाना इलाके में कैलसा बॉर्डर के पास रेल लाइन पर पड़ा मिला।
जानकारी पर पहुंची जीआरपी ने शव को कब्जे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी पाकर परिवार के लोग भी रोते-बिलखते मौके पर पहुंच गए। जीआरपी चौकी प्रभारी सचिन मलिक ने बताया कि बीती रात ट्रेन से कटकर एक युवक ने आत्महत्या कर ली थी। जीआरपी ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
ये भी पढ़ें : अमरोहा : नहर में डूबे तीन दोस्तों के शव मिले, परिवार में मचा कोहराम
