Kanpur News: दिल्ली की तर्ज बनाएं जरीब चौकी अंडरपास, सासंद पचौरी और भोले ने मुख्य सचिव से लखनऊ में की मुलाकात

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में दिल्ली की तर्ज पर जरीब चौकी अंडरपास बनाएं।

कानपुर में दिल्ली की तर्ज पर जरीब चौकी अंडरपास बनाएं। सासंद पचौरी और भोले ने मुख्य सचिव से लखनऊ में मुलाकात की। अनवरगंज-मंधना एलिवेटेड रेल ट्रैक के लिए केंद्र ने राज्य से अंशदान मांगा।

कानपुर, अमृत विचार। शहर की यातायात समस्या को लेकर सांसद सत्यदेव पचौरी और देवेन्द्र सिंह भोले ने गुरुवार को लखनऊ में मुख्य सचिव दुर्गाशंकर मिश्रा से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अनवरगंज-मंधना एलिवेटेड रेल लाइन प्रस्ताव के सम्बन्ध में जानकारी ली। सांसद ने बताया कि मुख्य सचिव ने कहा है कि एलिवेटेड रेल ट्रैक के लिए केन्द्र सरकार ने राज्य सरकार से भी अंशदान की मांग की है, जिस पर प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पचौरी ने इस दौरान दिल्ली के प्रगति मैदान टनल की तर्ज पर जरीब चौकी अंडरपास के निर्माण की मांग की।

बैठक से लौटकर सांसद पचौरी ने सेतु निर्माण निगम के अधिकारियों के साथ शहर में चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान जयपुरिया क्रॉसिंग पर बन रहे उपरिगामी सेतु के की धीमी गति पर असंतोष जताया। इस पर निर्माण निगम के महाप्रबन्धक मिथिलेश कुमार ने बताया कि पुल का कार्य 40 प्रतिशत पूरा हो चुका है। केस्को की लाइन शिफ्टिंग के कारण  विलम्ब हुआ है।

इस पर सांसद ने केस्को एमडी को फोन कर एक सप्ताह में लाइन शिफ्ट किए जाने के निर्देश दिए। यहां बिजली की लाइन शिफ्ट होने के बाद सीयूजीएल को गैस पाइप लाइन के अलावा पानी की लाइन शिफ्ट किए जाने का कार्य होना है।

अनवरगंज-मंधना एलिवेटेड रेल ट्रैक के सम्बन्ध में जरीब चौकी पर बनने वाले अंडरपास के सम्बन्ध में महाप्रबन्धक द्वारा जानकारी दी गई कि कंसलटेंट रिपोर्ट बना रहे हैं, जो इस माह के अंत तक शासन को भेज दी जाएगी। इस पर सांसद पचौरी ने जूही अंडरपास की खामियों का हवाला देते हुए कहा कि इसका निर्माण दिल्ली के प्रगति मैदान टनल की तर्ज पर किया जाए। 

दादानगर समानांतर पुल में वन विभाग से एनओसी मांगी

दादानगर क्रॉसिग पर बन रहे रेलवे उपरिगामी सेतु के बारे में बताया गया कि पेड़ों की कटाई के लिए वन विभाग से एनओसी मांगी गई है। र सांसद ने वन विभाग के क्षेत्राधिकारी को फोन कर अविलम्ब एनओसी दिए जाने के निर्देश दिए और निर्माण निगम को एक पेड़ के बदले 10 पेड़ लगाने की सलाह दी। 

कालपी रोड पनकी पड़ाव में उपरिगामी सेतु के  प्रस्ताव पर महाप्रबन्धक ने जानकारी दी कि लोक निर्माण विभाग और रेलवे विभाग से सहमति मिलते ही प्रस्ताव तैयार कर लोक निर्माण विभाग लखनऊ को भेज दिया जाएगा

संबंधित समाचार