Kanpur: बुखार से आंत, मसूड़े व लिवर में आ रही सूजन, लोगों की कम हो रही प्लेटलेट्स, हैलट में रोजाना आ रहे इतने मरीज
कानपुर के हैलट अस्पताल में रोजाना इतने मरीज पहुंच रहे।
कानपुर के हैलट अस्पताल में रोजाना इतने मरीज पहुंच रहे। बुखार से आंत, मसूड़े व लिवर में सूजन आ रही। लोगों की प्लेटलेट्स कम हो रहीं व बढ़ रहा एसजीपीटी है।
कानपुर, अमृत विचार। वायरल बुखार की वजह से लोगों की आंतों, मसूड़ों व लिवर में सूजन आ रही है। प्लेटलेट्स गिरने के साथ एसजीपीटी बढ़ा हुआ आ रहा है। कई मरीज बिस्तर से उठ व सीढ़ियां चढ़ तक नहीं पा रहे हैं।
वर्तमान समय में वायरल, डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया व टाइफाइड से शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों के लोग परेशान हैं। हैलट, उर्सला, केपीएम व कांशीराम अस्पताल में प्रतिदिन करीब एक हजार मरीज इलाज कराने को पहुंच रहे हैं। इनमें से हर रोज करीब सौ से डेढ़ सौ मरीजों को भर्ती होना पड़ रहा है।
जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज में मेडिसिन विभाग के प्रो. एसके गौतम ने बताया कि वायरल बुखार, डेंगू, चिकनगुनिया व मलेरिया के लक्षण वाले मरीज अधिक आ रहे हैं, अधिकांश मरीज जोड़ों व कमर में दर्द, शरीर व मांसपेशियों में दर्द की शिकायत लेकर आ रहे हैं। जांच कराने पर प्लेटलेट्स कम और एसजीपीटी बढ़ा हुआ आ रहा है।
ओपीडी में शुक्रवार को 10 से 15 मरीज ऐसे आए, जिनके आंत, मसूड़े व लिवर में सूजन मिली। मरीजों को बाहर के खाने से परहेज करने, घर में साफ-सफाई व फुल कपड़े पहनने की सलाह दी जा रही है।
37 डेंगू संक्रमित, 102 में पाए गए लक्षण
जिले में डेंगू का डंक बच्चे, युवा, महिला व बुजुर्ग सभी पर का कहर बरपा रहा है, संचारी अभियान चलने के बाद भी प्रतिदिन डेंगू संक्रमित पाए जा रहे हैं। शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग से जारी रिपोर्ट के मुताबिक जिले में 36 लोग और कानपुर देहात के एक व्यक्ति डेंगू संक्रमित मिले हैं। सर्वाधिक सरसौल में चार, घाटमपुर में चार, अहिरवां में तीन व जाजमऊ में दो केस हैं। बाकि जगहों पर एक-एक केस है। जबकि पांच लोग चिकनगुनिया से पीड़ित मिले। नोडल अधिकारी व एसीएमओ डॉ. आरपी मिश्रा के मुताबिक शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने करीब 25 मोहल्ले के 3137 घरों का सर्वे किया, जिसमें से 79 घरों डेंगू के लार्वा पाए गए। अलग-अलग जगहों पर 102 लोगों में डेंगू व 31 लोग में मलेरिया के लक्षण मिले हैं।
