रुद्रपुर: अप्रैल 2024 तक पूरा हो जाएगा रुद्रपुर-काठगोदाम फोरलेन का निर्माण
रुद्रपुर, अमृत विचार। आखिरकार छह साल बाद रुद्रपुर-काठगोदाम फोरलेन निर्माण के अप्रैल माह 2024 तक पूरा होने की उम्मीद जगी है। हरियाणा की कंस्ट्रक्शन कंपनी ने निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। एनएचएआई अधिकारियों के अनुसार कंस्ट्रक्शन कंपनी को अप्रैल 2024 के अंत तक इस फोरलेन के निर्माण को पूरा करने का लक्ष्य दिया गया है।
दरअसल, शुरूआती दिनों में गुजरात की कंस्ट्रक्शन कंपनी ने अक्तूबर 2017 में रुद्रपुर से काठगोदाम तक 6 करोड़ 50 लाख की लागत से 49 किमी. तक फोरलेन का निर्माण कार्य शुरू किया था। शुरुआती चरण में कंपनी ने 24 किमी. का काम पूर्ण किया था। लेकिन कंपनी ने बजट के अभाव में यह काम बीच में ही बंद कर दिया। फिर कोरोना काल के दौरान निर्माण कार्य पूरी तरीके से बंद रहा। एनएचएआई के दबाव में फिर कंपनी ने निर्माण कार्य शुरू किया। इस बीच कंपनी ने मात्र 37 किमी. तक का निर्माण कार्य पूरा किया और फिर बंद कर दिया। 12 किमी. का काम शेष बचा हुआ था।
कंपनी के काम करने से हाथ खड़ा करने पर एनएचएआई मुख्यालय ने दूसरी कंपनी के लिए टेंडर निकाले। हरियाणा की गावर कंपनी को इस कार्य को पूरा करने का ठेका मिला। एनएचएआई अधिकारियों के अनुसार पहले इस फोरलेन का निर्माण कार्य दिसंबर 2024 के अंत तक पूर्ण होने की उम्मीद थी। लेकिन टेंडर की प्रक्रिया लेट होने और अन्य कागजी कार्रवाई पूरी नहीं होने के कारण कंस्ट्रक्शन कंपनी इस काम को शुरू नहीं करा पायी। विगत दिनों सारी कागजी कार्यवाही पूरी होने के बाद कंपनी ने निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। कंपनी ने एक किमी. का काम पूर्ण कर लिया है यानि अब तक 38 किमी. का काम पूरा हो चुका है शेष 11 किमी. का काम बचा हुआ है। अप्रैल 2024 तक इसे पूरा कर लिया जाएगा।
रेलवे को सौंपी टेस्टिंग की रिपोर्ट
रुद्रपुर। एनएचएआई अधिकारियों के अनुसार हल्द्वानी में बाईपास पर आरओबी का निर्माण होना है। इसके लिए रेलवे ने आपत्ति लगायी थी। निर्माण शुरू होने से पहले उसकी टेस्टिंग करने के निर्देश दिये थे। इसकी टेस्टिंग कर रिपोर्ट रेलवे को सौंप दी गयी है। साथ ही रेलवे के उच्चाधिकारियों से लगातार संपर्क किया जा रहा है। हरी झंडे मिलते ही आरओबी का निर्माण कार्य भी शुरू कर लिया जाएगा।
हरियाणा की कंस्ट्रक्शन कंपनी गावर इस कार्य को कर रही है। कंपनी को अप्रैल 2024 माह के अंत तक रुद्रपुर-काठगोदाम फोरलेन निर्माण कार्य को पूर्ण करने का लक्ष्य दिया गया है। उम्मीद है कि तय समय पर इसका निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा।
-मीनू, मैनेजर, एनएचएआई
