बरेली: एफआईआर के बाद निलंबित किए गए एसीओ चकबंदी और लेखपाल
बरेली, अमृत विचार। मीरगंज तहसील के मोहम्मदगंज गांव में पट्टे और ग्राम समाज की चार सौ बीघा जमीन पर अवैध तरीके से कब्जा कराने के मामले में एसीओ चकबंदी और लेखपाल पर लगातार कार्रवाई हो रही है। शुक्रवार को दोनों पर एफआईआर के बाद शनिवार को उन्हें निलंबित कर दिया गया है।
वर्ष 2018 से कई साल में मोहम्मदगंज में एसीओ चकबंदी सुनील कुमार और चकबंदी लेखपाल रामवीर सिंह ने नियम-कानून के खिलाफ असंक्रमणीय जमीन काे संक्रमणीय में परिवर्तित कर 50 से अधिक किसानों के नाम कर कर अवैध तरीके से कब्जा करा दिया था। 400 बीघा जमीन पर कब्जा कराने की बात जांच में आई थी। गांव के रविंद्र सिंह के सीएम कार्यालय में शिकायत के बाद जांच में मामला सही पाए जाने के बाद लंबे समय तक जिम्मेदार इसको लेकर गंभीर नहीं हुए।
12 अक्टूबर को जनता दर्शन में मीरगंज तहसील के मोहम्मदगंज ऐतमाली के प्रधान प्रेमपाल डीएम के सामने पेश हुए थे। डीएम रविंद्र कुमार ने मामले को बेहद गंभीरता से लिया। शुक्रवार को बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी की तहरीर पर मीरगंज थाने में एसीओ सुनील कुमार और लेखपाल रामवीर के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी पवन कुमार सिंह ने शनिवार को बताया कि एसीओ चकबंदी और लेखपाल को निलंबित कर दिया गया है। मामले में आगे की विभागीय कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढे़ं- बरेली : यहां बरसती है मां काली की कृपा, मंदिर का इतिहास सैकड़ों वर्ष पुराना
