बरेली: 28 में डेंगू की पुष्टि, संदिग्ध बुखार से बच्चे और किशोरी की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। जिले में तेजी से डेंगू के नए मामले सामने आ रहे हैं। शनिवार को 28 लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई। वहीं, शीशगढ़ और शहर में संदिग्ध बुखार से नौ वर्षीय बालक और किशोरी की मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग ने सक्रिय मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए भोजीपुरा और गंगापुरम को अतिसंवेदनशील श्रेणी में रखा है। यह दोनों स्थान क्लस्टर घोषित किए जाएंगे। जिले में डेंगू मरीजों की कुल संख्या 544 हो गई है।

शीशगढ़ के एक युवक के 9 साल के बेटे को दो सप्ताह पहले बुखार आया था। पहले परिजनों ने पास के डॉक्टर को दिखाया। हालत में सुधार न होने पर परिजन उसे दिल्ली के एक निजी अस्पताल में ले गए। जहां शनिवार को उसकी मौत हो गई। उसकी एनएस-1 कार्ड से जांच हुई थी और रिपोर्ट में डेंगू संक्रमण होने की पुष्टि हुई थी।

वहीं, जसौली की 16 साल की किशोरी को शुक्रवार को बुखार आया। जहां परिजन उसे स्थानीय डाक्टरों के पास ले गए। डेंगू के एनएस- वन कार्ड की जांच के लिए सैंपल एकत्र किए गए। सैंपल की रिपोर्ट आने से पहले ही बच्ची ने दम तोड़ दिया। हालांकि स्वास्थ्य विभाग की ओर से डेंगू की एलाइजा पुष्टि नहीं होने से बच्ची की मौत को संदिग्ध बुखार माना जा रहा है।

स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार देहात में भोजीपुरा ब्लॉक में सर्वाधिक 94 और शहर के गंगापुरम इलाके में 38 डेंगू के मरीज मिले हैं। इसके अलावा बहेड़ी ब्लॉक में अब तक 26, शेरगढ़ में 25, नवाबगंज में 16 और फतेहगंज पश्चिमी में 18 लोगों में डेंगू की पुष्टि हो चुकी है। इज्जतनगर में 32, बानखाना में 26, मौला नगर में 22 और जाटवपुरा में 18 डेंगू के मरीज मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिले में अब तक 2.66 लाख घरों में टीमों ने लार्वा की तलाश में सर्वे किया है। इनमें 6678 घरों में लार्वा को नष्ट किया गया।

ये भी पढे़ं- बरेली: पुरानी पेंशन बहाली के लिए कर्मचारियों ने भरी हुंकार, मौन धरने के बाद निकाला पैदल मार्च

 

संबंधित समाचार