बुखार से महिला की मौत, चार मरीज अस्पताल में भर्ती, एक माह में पांच मौत होने से लोगों में डर का माहौल
महराजगंज, रायबरेली। कस्बा महराजगंज में बुखार के लगातार मामले बढ़ते जा रहे हैं। एक माह में चार मौतों के बाद रविवार सुबह पांचवी मौत होने की खबर मिलते ही कस्बे के लोगों में दहशत का माहौल है। नगर पंचायत महराजगंज के पैगम्बर नगर वार्ड निवासी एजाजुल हक की 42 वर्षीय पत्नी कमरजहां की एम्स रायबरेली में बुखार से मौत हो गई।
वहीं अभी भी एजाजुल हक के छोटे बेटे मोहम्मद आदिल का इलाज बछरावां स्थित निजी नर्सिंग होम में चल रहा है। मृतक कमरजहां के भतीजे कौशर ने बताया कि एक बुखार से पीड़ित उनकी चाची कमरजहां को इलाज के लिए बछरावां के निजी नर्सिंग होम में ले जाया गया। शनिवार देर शाम उनकी हालत गंभीर होने पर रायबरेली स्थित एम्स हास्पिटल में भर्ती कराया गया। जहां उनकी मौत हो गई।
कमरजहां की मौत की जानकारी कस्बे में होते ही लोगों में दहशत का माहौल है। दूसरी ओर अभी भी कस्बे के जाकिर हुसैन नगर वार्ड निवासी शोभनाथ, आलोक पुत्र बुद्धिनाथ, रायबरेली के निजी नर्सिंग होम में भर्ती हैं। इसके अलावा दीपक चौरसिया के परिवार से दो व संतोष जायसवाल के परिवार से एक बुखार से पीड़ित मरीज का इलाज जिला अस्पताल में जारी है।
नगर पंचायत के खिलाफ आक्रोश
कस्बे के लोगों में बुखार से हो रही मौतों को लेकर नगर पंचायत व स्वास्थ्य विभाग के प्रति आक्रोश है। लोग अब सवाल उठा रहे हैं कि यदि जिम्मेदार पहले से नगर की साफ-सफाई की व्यवस्था पर ध्यान देते तो शायद इस बुखार पर नियंत्रण मिल जाता।
यह भी पढ़ें: सुलतानपुर: पंडालों में स्थापित मां दुर्गा के खुले कपाट, विजयादशमी से दिखेगी महोत्सव की असली रंगत
