Bishan Singh Bedi Death : 'हमें खेल और जीवन के बारे में सिखाने के लिए धन्यवाद', शाहरुख खान-संजय दत्त ने बिशन सिंह बेदी को दी श्रद्धांजलि 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान, संजय दत्त और सुनील शेट्टी ने सोमवार को महान क्रिकेटर बिशन सिंह बेदी को श्रद्धांजलि दी तथा दुनिया को 'खेल और जीवन' के बारे में सिखाने के लिए उन्हें याद किया। भारत के पूर्व कप्तान एवं बाएं हाथ के देश के महान स्पिनर बिशन सिंह बेदी का लंबी बीमारी के बाद सोमवार को निधन हो गया। वह 77 वर्ष के थे। उनके परिवार में उनकी पत्नी अंजू, बेटा अंगद और बेटी नेहा हैं। 

शाहरुख खान ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘बड़े होते हुए हमारा जीवन उन लोगों की भावना, उत्साह और विनीत भाव के आधार पर ढलता है, जिन्हें हम अपने आसपास देखते और अनुभव करते हैं। बिशन सिंह बेदी उनमें से एक थे। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे। हमें खेल और जीवन के बारे में इतना कुछ सिखाने के लिए बेदी को धन्यवाद। आपकी बहुत याद आएगी।

शेट्टी ने कहा कि वह बेदी जैसे सच्चे ‘उस्ताद’ को खोने से वह बेहद दुखी हैं। बेदी को श्रद्धांजलि देते हुए अभिनेता ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘वह एक ऐसे व्यक्ति थे, जिन्हें न केवल उनकी क्रिकेट प्रतिभा बल्कि उनकी ईमानदारी और सत्यनिष्ठा के लिए भी सराहा जाता था। वह खेल के सच्चे उस्ताद थे और कई लोगों के लिए प्रेरणास्त्रोत थे। उनकी विरासत अगली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।

दत्त ने बेदी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि क्रिकेट ने आज एक दिग्गज खिलाड़ी को खो दिया। टेलीविजन कलाकार सतीश शाह और फिल्मकार कुणाल कोहली ने भी बेदी के निधन पर शोक जताया। बेदी का जन्म 1946 में अमृतसर में हुआ था। उन्होंने भारत के लिए 67 टेस्ट मैच खेले और 266 विकेट लिए। उन्होंने पारी में 14 बार पांच विकेट और मैच में एक बार 10 विकेट चटकाने की उपलब्धि हासिल की थी। 

ये भी पढे़ं : Bishan Singh Bedi Death : भारतीय स्पिन चौकड़ी में अबूझ पहेली थे बिशन सिंह बेदी 

संबंधित समाचार