संभल : 10वीं के छात्र ने सीने में तमंचे से गोली मारकर की आत्महत्या
ठिलूपुरा गांव की घटना, ग्रामीण का इकलौता बेटा था कृष त्यागी, पुलिस ने तमंचा बरामद कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
मृतक कृष त्यागी का फाइल फोटो।
संभल, अमृत विचार। नखासा थाना क्षेत्र में मकान की दूसरी मंजिल पर कमरे में ग्रामीण के इकलौते बेटे ने तमंचे से सीने में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। वह हापुड़ जिले में स्थित इंटर कॉलेज में 10वीं का छात्र था। आत्महत्या करने की वजह साफ नहीं हुई है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने तमंचा बरामद कर शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए।
गांव ठिलूपुरा निवासी मनोज त्यागी का इकलौता बेटा कृष त्यागी (16) हापुड़ जिले में गढ़मुक्तेश्वर के डीआर इंटर कलेज में पढ़ता था। 15 दिन पहले वह कॉलेज से घर आया था। परिजनों के अनुसार, कृष त्यागी रविवार रात खाना खाकर मकान की दूसरी मंजिल पर अपने कमरे में सोने चला गया। देर रात उसने तमंचे से अपने सीने में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। सोमवार सुबह वह कमरे से बाहर नहीं आया तो परिजनों ने दरवाजा खोलकर देखा। कमरे में खून से लथपथ कृष त्यागी मृत अवस्था में पड़ा था। पास में ही तमंचा, एक खोखा व कारतूस पड़ा था। बेटे का मृत देखकर परिजनों में कोहराम मच गया।
चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग इकठ्ठा हो गए। सूचना मिलने के बाद पुलिस व फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। थाना प्रभारी योगेश कुमार ने बताया कि किशोर ने तमंचे से गोली मारकर आत्महत्या की है। पुलिस ने मौके से तमंचा व खोखा, कारतूस बरामद किया है। किशोर के पास तमंचा कहां से आया, इसे लेकर जांच की जा रही है।
आत्महत्या की वजह नहीं आई सामने
गांव ठिलूपुरा निवासी मनोज त्यागी के पास बेटे कृष त्यागी के अलावा एक बेटी है। कृष त्यागी सबका लाडला था। उसने रविवार रात तमंचे से गोली मारकर आत्महत्या कर ली, लेकिन आत्महत्या करने की वजह सामने नहीं आई। परिजन भी इस बारे में कुछ नहीं बता पा रहे हैं। भाई की मौत होने से उसकी बहन का रो रोकर बुरा हाल है।
स्कूल जाने के लिए कर रहा था मना
ठिलूपुरा गांव में मनोज त्यागी के इकलौते बेटे कृष ने गोली मारकर आत्महत्या कर ली। इस मामले में पता चल रहा है कि वह स्कूल वापस जाने से बच रहा था। परिजन दो-तीन दिन से उससे स्कूल जाने के लिए कह रहे थे, लेकिन वह मना कर रहा था। इस बीच कृष ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। हालांकि अभी यह साफ नहीं है कि स्कूल में ऐसा क्या हुआ था जिसकी वजह से वह स्कूल जाने के लिए आनाकानी कर रहा था।
कृष का परिवार है सम्पन्न, सदस्य पढ़े-लिखे
कृष का परिवार गांव का सम्पन्न परिवार माना जाता है। उसके एक ताऊ गांव के प्रधान रहे हैं तो दूसरे एक कंपनी में काम करते हैं। पिता भी अमरोहा जनपद के रहरा में बैट्री इन्वर्टर की शाप चलाते हैं। गांव में कृषि भूमि भी है। परिवार के ज्यादातर सदस्य पढ़े लिखे हैं।
ये भी पढे़ं : संभल : बाइकों की भिड़ंत में दो सगे भाइयों समेत चार घायल
