बरेली: नगर पालिका की जमीन पर कब्जा, दस्तावेजों में अपने नाम भी कराया
एंटी भूमाफिया अभियान से बेखौफ लोग अब कर रहे हैं निर्माण की कोशिश
DEMO IMAGE
बरेली, अमृत विचार। एंटी भूमाफिया अभियान की क्या हालत है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बहेड़ी में कुछ लोगों नगर पालिका के तालाब की जमीन पर न सिर्फ कब्जा कर लिया बल्कि राजस्व विभाग में साठगांठ कर खतौनी पर उसे अपने नाम भी करा लिया।
यह भी पढ़ें- बरेली: 'बांस मंडी' से खो गया बांस का कारोबार...कभी थी धाक, अब सिर्फ एक व्यापारी
अब इस जमीन पर निर्माण करने की कोशिश की जा रही है। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी की ओर से इस बारे में डीएम को चिट्ठी लिखे जाने के बाद एडीएम प्रशासन को कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।
बहेड़ी नगर पालिका के अधिशासी अभियंता की ओर से डीएम को भेजी गई चिट्ठी के मुताबिक कब्जाई गई जमीन शाहगढ़ बाईपास तिराहे पर है। पुराने राजस्व अभिलेखों में गाटा नंबर 263, 264, 265 और 320 पर दर्ज यह जमीन तालाब के रूप में दर्ज है।
कुछ लोगों ने इस पर कब्जा कर लिया है और दस्तावेजों में जालसाजी कर खतौनी में उसका नामांतरण भी करा लिया है। इसके बाद अब इस जमीन पर रात में निर्माण करने की कोशिश की जा रही है। नगर पालिका की ओर से कई बार मनाही करने के बावजूद कब्जे की कोशिशें रुक नहीं रही हैं।
अधिशासी अधिकारी ने डीएम से नगर पालिका के तालाब पर अवैध कब्जा रुकवाने का आग्रह किया है। डीएम ने इस मामले में एडीएम प्रशासन को कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
यह भी पढ़ें- बरेली: पूनम फोगाट और अंजू मलिक के बीच बराबरी पर छूटा मुकाबला
