सुलतानपुर: असत्य पर सत्य की हुई विजय, चहुंओर फैली खुशी, गभड़िया पुल पर हुआ रावण के पुतले का दहन
सुलतानपुर। बुराई पर अच्छाई, असत्य पर सत्य की विजय का पर्व दशहरा जिले में मंगलवार को धूमधाम से हर्षोल्लास मनाया गया। शहर के गभड़िया पुल पर रावण का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया गया। जिसे देखने के लिए हजारों की संख्या में लोग उमड़ें। इसी तरह जिले के अन्य इलाकों में भी रावण का पुतला दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
मंगलवार को दशहरा का पर्व परंपरागत तरीके से शांति व सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया गया। श्री रामलीला ट्रस्ट की ओर से चल रहे रामलीला मंचन में मंगलवार को शहर में श्रीराम और रावण युद्ध की शहर में झांकी जुलूस निकाला गया। रामलीला मैदान से निकलकर विभिन्न रास्तों से होते हुए रामलीला के कलाकरों ने मंचन करते हुए गभड़िया पुल पर पहुंचे।

यहां पर पहले से ही विशालकाल प्रतीकात्मक रावण का पुतला तैयार किया गया था। परंपरागत तरीके से गभड़िया पुल के बीचोबीच रावण का पुतला खड़ा किया गया था। जहां से पुल शुरू होता है वहां पर बैरियर लगाकर लोगों को रोक दिया गया था। असत्य व सत्य और अन्याय पर न्याय की विजय को दर्शाते हुए यहां पर करीब साढ़े छह बजे रावण का पुतला दहन किया गया। रावण का पुतला दगते ही जय श्रीराम के नारे गूंज उठे। हर तरफ खुशी का माहौल दिखने लगा।
उमड़ी भारी भीड़
रावण का पुतला दहन देखने के लिए बड़ी संख्या में भीड़ उमड़ी। उत्तर तरफ कुड़वार नाका मोड़ और दक्षिण तरफ गभड़िया चौकी के पास ही रास्ते पर वाहनों का प्रवेश पूरी तरह रोक दिया गया था। पैदल जाने दिया जा रहा था। उत्तर तरफ सब्जी मंडी और जिला अस्पताल गेट तक लोगों की भीड़ उमड़ीं। वहीं, बड़ी संख्या में लोग आस-पास के छतों से रावण का पुतला दहन का दृश्य देख रहे थे। इस दौरान बच्चों की संख्या ज्यादा दिखी।
दिखी सांप्रदायिक सौहार्द
जिले की ऐतिहासिक दुर्गा पूजा महोत्सव में सांप्रदायिक सौहार्द की झलक हमेशा दिखती है। रावण दहन देखने के लिए बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग भी पहुंचे थे। जहां पर बड़े अपने बच्चों को राम और रावण के बारे में बताते दिखे।
सेल्फी का दिखा क्रेज
रावण के पुतला दहन देखने उमड़ी भीड़ में सेल्फी का क्रेज दिखा। पुतला भले ही दूर लगा था पर विशालकाय होने के कारण लोग उसके साथ सेल्फी लेते दिखे। युवाओं में यह क्रेज अधिक दिखा। कई यू ट्यूबऱ भी कवरेज करते दिखाई दिए।
ये रहे मौजूद
पुतला दहन के दौरान डीएम कृतिका ज्योत्स्ना, एसपी सोमेन बर्मा, केंद्रीय पूजा व्यवस्था समिति के अध्यक्ष ओम प्रकाश पांडेय बजरंगी, नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीन कुमार अग्रवाल, रामलीला व्यस्थापक प्रमुख हरिब्रत मिश्र, प्रधानाचार्य सतीश त्रिपाठी आदि रहे।
यह भी पढ़ें: अयोध्या में मूर्ति विसर्जन के दौरान होते-होते बचा हादसा, डूब रहे शख्स को जल पुलिस ने बचाया
