बरेली: त्योहार पर ट्रेनों में खलेगी स्लीपर कोचों की कमी, बढ़े AC coach

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

ट्रेनों के अंदर स्लीपर कोच कम कर बढ़ाए हैं एसी कोच

मोनिस खान, बरेली। त्योहार पर ट्रेनों के अंदर आरक्षित बर्थ चार महीने पहले बुकिंग शुरू होते ही हर साल फुल हो जाती हैं। इस बार यात्रियों को ज्यादा दिक्कत इसलिए होगी क्योंकि रेल प्रशासन ने ट्रेनों के अंदर स्लीपर कोचों को कम कर एसी कोचों को बढ़ा दिया है। इसके पीछे रेलवे का दावा है कि अब यात्री एसी कोचों में सफर करना ज्यादा पसंद कर रहे हैं, लेकिन स्लीपर और सामान्य कोचों की भीड़ बता रही है स्लीपर और जनरल में सफर करना कितना मुश्किल काम है।

यह भी पढ़ें- बरेली: 50 साल के शख्स ने की 4 साल की मासूम से छेड़छाड़, रिपोर्ट दर्ज 

रेल प्रशासन ने पहले 15910/09 अवध असम एक्सप्रेस के अंदर स्लीपर कोचों की संख्या को बेहद कम कर दिया। इसके स्थान पर एसी कोच बढ़ा दिए गए। पहले इस ट्रेन में आठ एसी कोच और 10 स्लीपर होते थे, लेकिन अब एसी कोच 13 कर दिए गए और स्लीपर कोच सिर्फ चार हैं। दूसरी तरफ 15076/75/74/73 त्रिवेणी एक्सप्रेस में भी अब एसी कोचों की संख्या बढ़ा दी है। 

पिछले दिनों जब ट्रेन को एलएचबी रेक के साथ चलाना शुरू किया गया तो सामान्य श्रेणी के चार, स्लीपर सात, एसी कोच नौ और एक-एक एसएलआरडी और लगेज कोच समेत 22 कोचों के साथ चलाया जा रहा है। हालांकि इस ट्रेन में स्लीपर कोचों की संख्या पहले की तरह है, लेकिन जनरल कोचों की संख्या कम की गई है।

जेब गवारा करें न करे, एसी बुक करें
आमतौर पर देखा गया है कि ट्रेनों के अंदर एसी से पहले स्लीपर कोच बुक हो जाते हैं। बड़ी तादाद में एसी के टिकट उपलब्ध रहते हैं, लेकिन अब जब ट्रेनों के अंदर स्लीपर कम कर एसी कोच बढ़ाए जा रहे हैं तो स्थिति पहले से ज्यादा खराब होती है। जेब गवारा करे या न करें लेकिन मजबूरी में यात्रियों को एसी का टिकट कराना ही पड़ता है। एसी कोचों के टिकट की कीमत स्लीपर से कई गुना ज्यादा होती है।

ऐसे बढ़ती है ट्रेनों के अंदर भीड़
त्योहार के मौके पर हर कोई घर जाने की होड़ में रहता है। ऐसे में जनरल कोचों की हालत तो किसी से छिपी नहीं। लिहाजा कन्फर्म टिकट नहीं मिलने पर बहुत सारे लोग वेटिंग में ही स्लीपर का टिकट करा लेते हैं, ताकि स्लीपर कोच में सफर कर सकें। तो दूसरी तरफ जो लोग जनरल टिकट लेते हैं वो रसीद कटाकर स्लीपर में सफर करते हैं। इस तरह स्लीपर कोच जनरल जैसा अनुभव देता है और रिजर्वेशन कराने वाले यात्री खुद को ठगा महसूस करते हैं।

ट्रेनों में लगाए जाएंगे अतिरिक्त कोच
रेल प्रशासन ने त्योहार के मौके पर स्पेशल ट्रेनें चलाने का एलान किया है। बरेली जंक्शन से होकर गुजरने वाली करीब 18 ट्रेनें भी इसमें शामिल हैं, लेकिन रेल अधिकारियों का कहना है कि स्थिति को और भी सुधारने के लिए नियमित ट्रेनों के अंदर अतिरिक्त कोच लगाए जाएंगे। फिलहाल स्पेशल ट्रेनों के अंदर बड़ी संख्या में यात्रियों द्वारा टिकट बुक कराए जा रहे हैं।

मांग के अनुसार ही ट्रेनों कोच बढ़ाये घटाए जाते हैं। रेल यात्रियों को एसी की सवारी भा रही है इसलिए अवध असम समेत कई ट्रेनों में एसी कोच बढ़ाए गए हैं। सर्वे कराने के बाद ही इस तरह के कदम उठाए जाते हैं--- सुधीर सिंह, सीनियर डीसीएम, मुरादाबाद मंडल।

यह भी पढ़ें- बरेली: दशहरा मेला का हुआ आयोजन, महिला सशक्ती कारण की जागरूकता के लिए लाया पिंक बूथ 

संबंधित समाचार