अयोध्या: दंगल में बनारस व गोरखपुर के पहलवानों का दबदबा
सरायराशी गांव में आयोजित हुआ दंगल
पूराबाजार/अयोध्या, अमृत विचार। सरायराशी गांव में में दशहरा पर्व पर विराट कुश्ती दंगल का आयोजन किया गया। दंगल में बनारस, हनुमानगढ़ी अयोध्या, नंदिनीनगर, हरियाणा व बंगाल सहित दर्जनों जिलों के पहलवानों ने भी प्रतिभाग किया। उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि कुश्ती में भारत सदैव विश्व में सिरमौर रहा है।
देश के पहलवान गामा व दारा ने विश्व स्तर पर कुश्ती में जो देश का गौरव बनाया था उसे बरकरार रखना है। विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि शिवेंद्र सिंह ने कहा कि गांवो में भी कुश्ती को बढ़ावा देने की जरूरत है। जिससे गांवों की प्रतिभाएं भी विश्व स्तर पर अपना नाम के साथ-साथ देश का नाम रोशन कर सकें। इसका आयोजन ग्राम प्रधान प्रतिनिधि रणधीर सिंह लल्ला व ग्रामीणों के सहयोग से किया गया।
दंगल में 81 जोड़ कुश्ती कराई गई। जिसमें बनारस और गोरखपुर के पहलवानों का दबदबा दिखा। मुख्य कुश्ती मुन्ना यादव गाजीपुर केसरी व यशवंत गिरी डीएलडब्लू बनारस रेलवे, अजहर उर्फ गोलू गोरखपुर व प्रवीण डीएलडब्लू बनारस, सुफियान बेग मुंबई व नीरज सिंह नंदिनी नगर तथा ज्ञान सिंह गोरखपुर व अजीत यादव बनारस केसरी के बीच हुई। यह सभी चारों कुश्ती बराबर पर छूटी।
विशिष्ट अतिथि महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, सीआरपीएफ के कमांडेंट छोटेलाल, इलाहाबाद विश्वविद्यालय के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ उत्तम सिंह, पूर्व ब्लाक प्रमुख शिवबचन सिंह, सूर्य देव सिंह, शंभू नाथ सिंह, दीपू, अनिल सिंह, विजय प्रताप सिंह मौजूद रहे। संचालन अनिल कुमार सिंह व निर्णायक की भूमिका पवन पहलवान ने निभाई। ग्राम प्रधान अनीता सिंह ने अतिथियों व दर्शकों का आभार व्यक्त किया।
यह भी पढ़ें : लखनऊ: रामलीला मैदान में जला रावण, सनातन धर्म के विरोध का अंत रही थीम
