UP: सब्जी का पैसा मांगा गुनाह है क्या साहब… विक्रेता को होमगार्ड-पीआरडी जवानों ने पीटा, दोनों संस्पेड, जानें- मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उन्नाव में सोशल मीडिया पर होमगार्ड-पीआरडी जवानों की करतूत का वीडियो हुआ वायरल।

उन्नाव में सोशल मीडिया पर होमगार्ड-पीआरडी जवानों की करतूत का वीडियो वायरल हुआ। अधिकारियों ने मामला संज्ञान में लेकर दोनों को सस्पेंड कर दिया।

उन्नाव, अमृत विचार। उन्नाव अंतर्गत सफीपुर क्षेत्र के कस्बा में होमगार्ड-पीआरडी के जवानों से एक नाबालिक सब्जी विक्रेता को सब्जी का पैसा मांगना महंगा पड़ गया। होमगार्ड-पीआरडी के जवानों ने उसके साथ मारपीट और गाली गलौज देकर उसे धमकी दी थी। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो वायरल होने के बाद मामले का संज्ञान पुलिस के अधिकारियों ने लिया। सीओ सफीपुर की रिपोर्ट पर कमांडेंट ने अभद्रता करने वाले जवानों को निलंबित कर विभागीय जांच शुरू की है।

सफीपुर कस्बा में बीते सोमवार की शाम 16 वर्षीय किशन पाल सब्जी बेच रहा था। इस दौरान सफीपुर कोतवाली में तैनात होमगार्ड सूर्यपाल, पीआरडी जवान उमाकांत ड्यूटी करने के बाद उसकी दुकान पर पहुंचे और हरी सब्जियां खरीदी। सब्जियों का भाव 105 रुपये हुआ। जिस पर दोनों जवानों ने 100 रुपये ही दिये। 5 रुपये कम मिलने पर नाबालिक ने दोनों जवानों से पैसे की मांग की तो वह आग बबूला हो गए और उसका गला पकड़ कर धक्का देते हुए मारपीट करने लगे।

इस बात का पड़ोस की दुकानदारों ने भी विरोध किया तो दोनों उनसे भी भिड़ गये और किशन पाल को भद्दी भद्दी गालियां देते हुए धमकी देने लगे और पैसा न देने की बात बात कही। होमगार्ड, पीआरडी जवानों के द्वारा की गई इस करतूत का किसी ने पूरा वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था।

वीडियो वायरल होने के बाद उन्नाव पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और एसपी सिद्धार्थ शंकर मीणा ने सीओ सफीपुर ऋषि कांत शुक्ला को मामले की जांच सौंपी। जांच करने के बाद सीओ ने रिपोर्ट होमगार्ड के कमांडेंट को भेजी। होमगार्ड कमांडेंट और पीआरडी के उच्चाधिकारियों ने दोनों जवानों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच शुरू की है।

संबंधित समाचार