Accident In Kanpur: तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलटी… घरों में जा घुसी, बाल-बाल बचे ग्रामीण
कानपुर में हाईवे पर तेज रफ़्तार कार अनियंत्रित होकर घरों मे जा घुसी।
कानपुर के महाराजपुर थानाक्षेत्र में हाईवे पर तेज रफ़्तार कार अनियंत्रित होकर घरों मे जा घुसी। हादसे में ग्रामीण बाल-बाल बच गए।
कानपुर, अमृत विचार। महराजपुर थानाक्षेत्र के पुरवामीर मे मंगलवार दोपहर को प्रयागराज हाईवे पर कार अचानक अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे बने घरों मे जा घुसी। इसके बाद कार पलट गई। गनीमत रही कि हादसे मे कार चालक सहित दुर्घटनास्थल पर मौजूद लोग बाल-बाल बच गए।
मंगलवार दोपहर लगभग एक बजे एक कार कानपुर से फतेहपुर की ओर जा रही थी। इस दौरान पुरवामीर फ्लाईओवर खत्म होते ही कार का अचानक टायर फट गया। इसके बाद कार अनियंत्रित होकर पलटने के बाद हाईवे किनारे मिट्टी के बर्तन बनाने वाले धुन्नी प्रजापति के घर से जाकर टकराई।
हादसे से कुछ देर पहले ही धुन्नी प्रजापति का बेटा गुड्डू और बहू लक्ष्मी घर के बाहर ही दीपावली के दिए बना रहे थे। सब काम के बीच खाना खाने के लिए घर के भीतर चले गए थे। अगर हादसा कुछ देर पहले हुआ होता तो इसमें कई जाने जा सकती थी। वहीं हादसे के बाद कार चालक शीशा तोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस कार नंबर के आधार पर उसके मालिक और ड्राइवर की पहचान में जुटी है।
