अमेठी में दीवार गिरने से मां की हुई मौत, बेटी गंभीर रूप से घायल
जगदीशपुर, अमेठी। जिले में दीवार गिरने से मां बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं जिन्हें परिजनों ने निकट के अस्पताल में भर्ती कराया जहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। वहीं सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आवश्यक कार्रवाई में जुट गई है।
कोतवाली क्षेत्र के लालीपुर मजरे बड़ागांव में उस समय अफरातफरी मच गई जब गांव निवासी मायका उम्र करीब 50 वर्ष सुबह के समय घर के सामने कच्ची दीवार की बनी मडहिया (छपरा) से सटी दीवार जो कि पड़ोसी पुत्तन पुत्र हुबलाल बना रहे थे के पास खड़ी थीं। जहां किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में तू तू मैं-मैं हो गई। इसके बाद मायका व उनकी 17 वर्षीय पुत्री मनीषा अपनी दीवार के पास साफ-सफाई में जुट गए जहां अचानक कच्ची दीवार भरभराकर ढह गई और मां व बेटी उसी के नीचे दब गए।
परिजनों को जानकारी होने पर उन्होंने हल्ला मचाया जिसके बाद आसपास के लोगों की मदद से उन्हें किसी तरह से बाहर निकाला गया जहां दोनों को सामुदायिक स्वास्थ केंद्र जगदीशपुर ले जाया गया। यहां इलाज के दौरान चिकित्सकों ने मायका को मृत घोषित कर दिया। वहीं मायका की मौत की खबर सुनकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस सम्बन्ध में पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें: उन्नाव में अज्ञात वाहन ने चचेरे भाइयों को रौंदा, एक की मौत, दूसरा गंभीर
