हरदोई के संविलियन विद्यालय में मजदूर नहीं छात्रों से बनवाया जा रहा ट्री-गार्ड
सुरसा ब्लाक के संविलियन विद्यालय कसरावां का वीडियो वायरल
हरदोई, अमृत विचार। सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चो के लिए शिक्षा का अधिकार मज़ाक बन गया है। हरदोई में सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में इस तल्ख सच्चाई को देखा जा सकता है। वायरल वीडियो सुरसा ब्लाक के संविलियन विद्यालय कसरावां का है, जिसमें वहां पढ़ने वाले बच्चे मौरंग छान रहें हैं,कोई मसाला बना रहा है,तो कोई सिर पर मिट्टी ढो रहा है। इस मामले में बीएसए विजय प्रताप सिंह ने बताया है कि उन्होंने बीईओ सुरसा सीमा गौतम को जांच सौंपी है। जांच रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि परिषदीय स्कूल की ड्रेस पहने बच्चे कहीं मौरंग छान रहें हैं,कोई फावड़े से सीमेंट-मौरंग का मसाला बना रहा है, कुछ बच्चे मिट्टी ढो रहें हैं। पता करने पर बताया गया है पेड़ों के संरक्षण के लिए स्कूल में ट्री-गार्ड बन रहें हैं। उसी में वहां पढ़ाई करने के लिए जाने वाले बच्चों से मज़दूरी कराई जा रही है। बच्चों के शिक्षा का अधिकार के साथ ऐसा क्यों किया जा रहा है ? इस बारे में कोई कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है। हालांकि बीएसए विजय प्रताप सिंह ने बताया है कि उन्होंने बीईओ सुरसा सीमा गौतम को वहां की जांच सौंपी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें -भदोही में खपरैल का मकान जलकर खाक, साजिश का लगा आरोप
