अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की परीक्षा के लिए 50 बसों का हुआ आवंटन, परीक्षार्थियों को लेकर लखीमपुर रवाना हुईं बसें
बहराइच। शासन के निर्देश पर 28 व 29 अक्तूबर को होने वाली अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा में जिले के 13 हजार से अधिक परीक्षार्थियों के लिए परिवहन निगम प्रशासन ने जिले को 50 बसों का आवंटन किया है। बसें जिले के परीक्षार्थियों को लखीमपुर लेकर जायेंगी। जिले के रोडवेज प्रशासन ने अभ्यर्थियों के लिए शुक्रवार से बसों को लखीमपुर के लिए रवाना करना शुरू कर दिया है।
अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की पीईटी परीक्षा 28 व 29 अक्तूबर को प्रदेश के 35 जिलों की 1038 परीक्षा केंद्रों पर होगी। परीक्षा केंद्रों पर दोनों दिन परीक्षा सुबह की प्रथम पाली में 10 से 12 बजे तक और शाम की द्वितीय पाली में तीन से पांच बजे तक होगी। जिले से परीक्षा में शामिल होने के लिए 13 हजार 302 परीक्षार्थियों ने आवेदन किया है। सभी परीक्षार्थियों की परीक्षा लखीमपुर जिला स्थित विभिन्न परीक्षा केंद्रों में होगी।
परिवहन निगम प्रशासन की ओर से परीक्षा में शामिल होने वाले परिक्षार्थियों को आवागमन में कोई परेशानी न हो, इसके लिए जिले मुख्यालय स्थित रोडवेज बस अड्डे से 50 और रूपईडीहा बस अड्डे से 12 बसों को लखीमपुर के लिए संचालित कराने का निर्देश रोडवेज के एआरएम को जारी किया था। इसी के तहत शुक्रवार को जिले का रोडवेज प्रशासन की टीम एआरएम प्रेमकुमार की अगुवाई में बस अड्डे पर बसों परीक्षार्थियों के लिए बसों को लगाकर रवाना किया गया।
हालांकि दोपहर में रोडवेज प्रशासन परीक्षार्थियों की राह देखता रहा, लेकिन एक भी परीक्षार्थी परीक्षा देने के लिए नहीं निकला। शाम होते ही परीक्षर्थियों का निकलना शुरू हुआ। एआरएम प्रेम कुमार ने बताया कि शुक्रवार की सुबह से ही परीक्षार्थियों के लिए बसों को रोडवेज बस अड्डे पर लगा दिया गया था। लेकिन शाम पांच बजे तक एक भी परीक्षार्थी नहीं दिखाई दिया। हालांकि देर शाम से परीक्षार्थियों का निकलना शुरू हुआ।
बता दें कि बहराइच रोडवेज बसअड्डे से लखीमपुर के लिए बस का संचालन नहीं है। रूपईडीहा और गोंडा से आने वाली बस ही लखीमपुर जाती हैं। इसको देखते छात्र हित में सरकार ने पेट परीक्षा के लिए बस उपलब्ध कराई है। ऐसे में पड़ोस के जनपद में छात्र आसानी से परीक्षा देने के साथ वापस आ सकते हैं।
यह भी पढ़ें; उन्नाव में ट्रेन से झांसी जा रहे अधेड़ की अचानक बिगड़ी तबीयत, मौत
