संभल: डेंगू से हेड कांस्टेबल की मौत, दो पुलिस कर्मी संक्रमित
दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में तोड़ा दम, थाना कुढ़फतेहगढ़ में तैनात थे
संभल/ चन्दौसी/कुढ़फतेहगढ़, अमृत विचार। थाना कुढ़फतेहगढ़ में तैनात एक हेड कांस्टेबल की डेंगू से दिल्ली में उपचार के दौरान मौत हो गई। कांस्टेबल की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। जबकि दो कांस्टेबलों का उपचार निजी चिकित्सकों से कराया जा रहा है।
मूल रूप से जनपद शाहजहांपुर के थाना कलान निवासी धीरेंद्र सिंह थाना कुढ़फतेहगढ़ में दो अक्टूबर 2022 को तैनात हुए थे। पिछले कुछ दिनों से वह बुखार से पीड़ित थे। उपचार के बाद भी आराम नहीं हुआ तो 24 अक्टूबर को छुट्टी लेकर बरेली में उपचार कराया। वहां चिकित्सकों ने डेंगू की पुष्टि की। हालत में सुधार नहीं होने परिजन उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल ले गए।
वहां शुक्रवार की सुबह उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस कर्मियों ने बताया कि धीरेंद्र सिंह काफी मिलनसार व्यक्ति थे। इसके अलावा थाने में हेड कांस्टेबल आरिफ अली व कांस्टेबल विपिन कुमार भी डेंगू से पीड़ित हैं। जिसमें आरिफ अली का उपचार मिलक रामपुर व विपिन कुमार का धामपुर (बिजनौर) में निजी अस्पताल में हो रहा है।
तेज बुखार से किशोरी की मौत
चन्दौसी/बनियाठेर। बनियाठेर थाना क्षेत्र के अहमदनगर थरैसा में 16 वर्षीय किशोरी की बुखार से मौत हो गई। गांव अहमदनगर थरैसा निवासी भूरे की 16 वर्षीय पुत्री डिलपरी को कई दिन से बुखार आ रहा था। शुक्रवार की सुबह हालत बिगड़ने पर परिजन चन्दौसी के सुभाष रोड स्थित निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सक ने किशोरी को मृत घोषित कर दिया। पिता भूरे ने बताया कि उनकी पुत्री को कई दिन से बुखार था। गांव के चिकित्सकों से इलाज कराया था। अचानक हालत बिगड़ने से उसकी मौत हो गई।
ये भी पढ़ें:- संभल: घर में जुआ खेलते आठ युवकों को पकड़ा, एसपी के आदेश पर की गई कार्रवाई,76,060 रुपये बरामद
