रामपुर: आजम खां के करीबी ठेकेदारों के घर आयकर विभाग का छापा
शुक्रवार की सुबह 8 बजे से शुरू हुई छापामार कार्रवाई, मचा रहा हड़कंप
रामपुर, अमृत विचार। पूर्व मंत्री आजम खां के करीबियों पर भी अब आयकर विभाग ने शिकंजा कस दिया है। शुक्रवार सुबह 8 बजे आयकर विभाग ने जिले के करीब एक दर्जन से अधिक ठेकेदारों के घर छापामारी की। आयकर विभाग की छापामारी की सूचना मिलते ही हड़कंप मच गया। देर रात तक जांच पड़ताल जारी रही। इधर, अधिकारियों ने कुछ भी कहने से इंकार कर दिया। आयकर विभाग की टीमों में दिल्ली, लखनऊ और बरेली के अधिकारी शामिल हैं।
शहर में शुक्रवार की सुबह 8 बजे आयकर विभाग की दौड़ती हुई गाड़ियां आजम खां के करीबी ठेकेदारों के आवासों पर जाकर रुकीं। दरवाजों पर पुलिस बल तैनात हो गया और आयकर विभाग के अधिकारी ठेकेदारों के घरों में दाखिल हो गए। आयकर विभाग के अधिकारी शाम तक घरों में संदेहात्मक जगहों पर आधुनिक मशीनों के माध्यम से छानबीन करते रहे।
शहर के मोहल्ला खारी कुआं पर ग्राम खानपुर के पूर्व प्रधान अनोखे अली के आवास पर छापेमारी कर रही टीम में शामिल आयकर विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि टीम कब तक रुकेगी इस बाबत कुछ कहा नहीं जा सकता। कहा कि अभी दस्तावेजों और संदेहात्मक जगहों पर छानबीन चल रही है।
इसके अलावा मोहल्ला घेर तोगां स्थित गालिब नूर ठेकेदार, घेर नज्जू खां स्थित असद खां ठेकेदार, माला रोड स्थित पूर्व सभासद फरहत खां ठेकेदार, लाल मस्जिद स्थित शीराज खां ठेकेदार, बाग छोटे साहब स्थित शाहीन खां ठेकेदार, काजी की गली स्थित हाजी सदाकत, अजीतपुर स्थित कृष्ण गोपाल सक्सेना ठेकेदार, शाहबाद गेट स्थित इदरीस, डायमंड सिनेमा स्थित जुनैद खां, नोवा अस्पताल के निकट इस्लाम ठेकेदार, ग्राम मुरसैना निवासी हनीफ ठेकेदार के अलावा तहसील मिलक के स्टेशन रोड स्थित भाजपा नेता नन्हे राम पांडेय ठेकेदार के आवास पर भी सुबह 8 बजे आयकर विभाग की छापामारी जारी रही।
आयकर विभाग की टीमें कब तक छापेमारी करेंगी यह साफ नहीं है। जानकारी के मुताबिक सभी ठेकेदार लोक निर्माण की सड़क बनाने के ठेके लेते हैं।
मीडियाकर्मियों से कम ही बोले आयकर विभाग के अधिकारी
छापामारी के दौरान आयकर विभाग के अधिकारी मीडियाकर्मियों से कम ही मुखातिब हुए। मीडियाकर्मियों के सवालों के संतुलित अंदाज में जवाब दिया और नाम बताने में परहेज बरत गए। इतना साफ हुआ कि आयकर विभाग रामपुर में कोई बड़ा खुलासा करना चाहता है। मोहल्ला नज्जू खां का घेर में असद खां ठेकेदार के आवास पर बैठे पुलिसकर्मियों ने अखबार हॉकर को भी गली में आगे नहीं बढ़ने दिया।
शाम को सोने की वेल्युवेशन के लिए पहुंचे स्वर्णकार
नवाब गेट के निकट आजम के करीबी ठेकेदार और पूर्व सभासद के आवास पर शुक्रवार की शाम को लखनऊ से सोने की वेल्युवेशन के लिए कन्हैया लाल के नेतृत्व में टीम पहुंच गई। कन्हैया लाल की टीम 14 अक्टूबर को पूर्व मंत्री आजम खां के आवास पर भी पहुंची थी। सूत्रों ने बताया कि जहां भी सोना मिलेगा उसकी जांच परख लखनऊ से आई टीम द्वारा कराई जाएगी।
पीडब्ल्यूडी कार्यालय में भी दस्तावेज खंगाले
प्रांतीय खंड के एक्सईएन केवी सिंह ने बताया कि आयकर विभाग की टीम कार्यालय में आई थी और उन्होंने ठेकेदारों के वर्क आउट से संबंधित दस्तावेज खंगाले थे। कुछ दस्तावेजों की छाया प्रतियां आयकर विभाग के अधिकारी अपने साथ ले गए थे। बताया कि दस्तावेज ठेकेदारों द्वारा किए गए कार्यों से संबंधित थे। उन्होंने बताया कि अन्य विभागों से भी ठेकेदारों ने काम लेकर किया है।
यह भी पढ़ें- रामपुर: खौदकला में गला रेत कर युवक की हत्या, मौके से अधजला मिला शव
