Etawah News: किसान का फूटा गुस्सा… मंडी में गेट बंद कर किया प्रदर्शन, 20 घंटे से खरीद व तौल बंद होने से गुस्साए थे

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

इटावा में मंडी में गेट बंद कर किसानों ने प्रदर्शन किया।

इटावा में मंडी में गेट बंद कर किसानों ने प्रदर्शन किया। 20 घंटे से खरीद व तौल बंद होने से गुस्साए थे।

इटावा, अमृत विचार। भरथना कृषि उत्पादन मंडी समिति में शनिवार को किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित होकर सैकड़ों की संख्या में किसानों ने मंडी का मुख्य द्वार बंद कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। पीड़ित किसानों ने मंडी के आढ़तियों पर आरोप लगाया है कि किसानों का धान नहीं तौला जा रहा है। किसान दूसरी रात्रि होने तक बुरी तरह भूख प्यास से मंडी परिसर में तड़प रहा है। 

कृषि उत्पादन मंडी समिति में मौजूद आढ़तियों ने सुबह दस बजे  से लगातार दो दो घंटे का समय बताते हुए शाम चार बजे तक किसानों की फसल की तौल नहीं करायी। जिससे आक्रोशित किसान भड़क उठे। एकराय होकर मंडी प्रशासन व आढ़तियों सहित प्रदेश सरकार के विरूद्ध नारेबाजी करते हुए मंउी गेट पर पहुंच गये। आम लोगों की निकासी के लिए लगे छोटे गेट को भी बलपूर्वक बंद कर दिया।

जिसके कारण मंडी परिसर के अंदर आढ़ती, किसान व उनके वाहन सभी फंसे रह गये।  मंडी परिसर के बाहर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गई। किसान बृजेश कुमार गंगदासपुरा, रमेश चन्द्र जगमोहनपुर, आत्माराम खुशालपुर, गजेन्द्र सिंह नगरिया यादवान, सुरेश चन्द्र दौलतपुर, सन्तोष कुमार बेर, राजीव भिटारा, धर्मेन्द्र नगला पसी, अतबल सिंह नगला भागी, धर्मेन्द्र सिंह, गोविन्द सिंह, महावीर सिंह, वीरेन्द्र सिंह निवासीगण नगला पसी सहित सैकड़ों किसानों ने आरोप लगाते हुए बताया कि कि मण्डी में किसानों की धान की फसल की आवक अत्यधिक है।  किसान लगातार अपनी फसल को मंडी में बेंचने पहुंच रहे हैं। 

लेकिन आढतियों की मनमानी के चलते बीती रात्रि 8 बजे से फसल खरीद की तौल पूर्णतया बन्द कर दी गई है। जिसके कारण बीती रात्रि से लगातार अब तक पहुंचने वाले किसान अपनी फसल सहित मण्डी परिसर में ठहरे हुए हैं। जो भूख-प्यास से परेशान है। लेकिन आढतियों द्वारा फसल की खरीद व तौल नहीं की जा रही है। आक्रोशित होने के कारण किसानों ने यह निर्णय लिया है।

वहीं एक जानकारी के अनुसार आढती संघ के अध्यक्ष द्वारा यह निर्णय लिया गया था कि मण्डी में धान फसल की अधिक आवक होने के कारण मण्डी में पैर रखने की जगह नहीं है और मौजूद धान की निकासी नहीं हो पा रही है।

जिसके कारण बीती शुक्रवार की रात्रि 8 बजे से धान तौल एक दिन के लिए बन्द रखे जाने के निर्देश अन्य आढतियों को जारी किये गये थे। जिसके कारण किसी भी आढती ने धान खरीद नहीं की गई। समाचार लिखे जाने तक कोई भी प्रशासनिक अधिकारी मण्डी गेट खुलवाने के लिए नहीं पहुंच सके।क

 

संबंधित समाचार