शाहजहांपुर: चार दिन बाद देवरानी की बुखार से मौत, घर में मचा कोहराम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

10 दिन से आ रहा था बुखार, हालत बिगड़ने पर पीलीभीत में कराया था भर्ती

खुटार, अमृत विचार। संभावित डेंगू और वायरल, बुखार के लगातार दस्तक देने से मौत का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। गांव रुजहा कलां में बुखार से पीड़ित महिला की शुक्रवार देर रात इलाज के दौरान मौत हो गई। चार दिन पहले महिला की जेठानी की बुखार से मौत हो गई थी। एक ही परिवार में चार दिन में दूसरी मौत परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है और इसके साथ ही लोगों में दहशत का माहौल है।  

क्षेत्र के गांव रुजहा कलां निवासी सुधीर कुमार की 32 वर्षीय पत्नी कुसमा देवी को दस दिन पहले बुखार आया था। परिवार के लोगों ने निजी तौर पर दवा लाकर दे दी, लेकिन दवा का असर कम होते ही फिर से बुखार आ जाता था। हालत में सुधार नहीं होने पर परिवार के लोग खुटार के निजी अस्पताल में उनका इलाज करा रहे थे। शुक्रवार को कुसमा की अचानक हालत और बिगड़ गई। चूंकि चार दिन पहले कुसमा की जेठानी की बुखार से मौत हो चुकी थी, इसलिए परिवार के लोग और बेहतर इलाज कराने के लिए कुसुमा को लेकर पीलीभीत चले गए। जहां निजी अस्पताल में इलाज के दौरान देर रात कुसमा ने दम तोड़ दिया। सूचना घर पहुंची तो कोहराम मच गया।

चार दिन पहले कुसमा देवी की जेठानी सुनीता देवी पत्नी नरेंद्र की बुखार से शाहजहांपुर के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। सुनीता देवी आठ माह की गर्भवती भी थी। एक ही परिवार में दो मौतें हो जाने से परिवार में कोहराम मच हुआ है, वहीं गांव लोग दहशत में हैं। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में कई अन्य लोग भी बुखार की चपेट में बीमार हैं। जिनका इलाज खुटार के साथ ही गैर जनपदों में चल रहा है। मृतका की मौत से कोहराम मचा हुआ है। इधर, गांव रुजहा के अलावा और भी कई गांव ऐसे हैं, जहां बुखार का प्रकोप बना हुआ है। सीएचसी से लेकर प्राइवेट अस्पताल और मेडिकल स्टोरों पर मरीजों की भीड़ कम नहीं हो रही है।

स्वास्थ्य विभाग ने लगाया कैंप, वितरित की दवाइयां

कांट, अमृत विचार। सामुदायिक स्वास्थ्य के प्रभारी डॉक्टर जफर सैफी ने ग्रामीण क्षेत्रों में हेल्थ कैंप लगाकर दवा वितरित की और ग्रामीणों को वायरल बुखार से बचाव के लिए जागरूक किया।

क्षेत्र के गांव अभायन में वायरल बुखार के चलते नसीम पत्नी कल्लू , बृजेश पुत्र लाखन, उर्मिला पत्नी ताराचंद, सुशील, प्रेमपाल, श्यामलाल, कप्तान , प्रतिपाल की मृत्यु हो चुकी है। इसी गांव के बब्लू ,जफरीन ,मिथिलेश मोनू, अनलेश, संजीव, बृजपाल, दिनेश, सुधीर ,राजवीर, मुन्ना सहित दर्जन भर से ज्यादा लोग वायरल बुखार से पीड़ित हैं। जिसके चलते स्वास्थ्य विभाग ने अभायन में मेडिकल कैंप लगाया। उन्होंने बताया कि गांव में 100 से ऊपर मरीजों को दवा वितरित की जा चुकी है। कैंप के दौरान डा. प्रीति, विनय शर्मा ,फार्मासिस्ट अजय सक्सेना ,रामलड़ैते ,अंकित आदि स्टाफ मौजूद रहा।

ये भी पढ़ें- शाहजहांपुर: युवती की क्रूरता पूर्वक हत्या में गैर समुदाय के अभियुक्त को उम्रकैद, जानिए पूरा मामला

संबंधित समाचार