उन्नाव: सपा विधायक ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पर साधा निशाना, कहा- भाजपा के इशारे पर काम कर रहे अजय राय

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उन्नाव। उन्नाव अंतर्गत शुक्लागंज के राजधानी मार्ग स्थित सपा नेता के आवास पर श्रीराम सुंदर धनपति देवी टी-20 क्रिकेट लीग के तहत टीम में शामिल क्रिकेटरों को पुरस्कार वितरण करने पहुंचे कानपुर से सपा विधायक हसन रूमी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भाजपा के इशारे पर काम कर रहे हैं। कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में अखिलेश यादव के नाम पर ही यूपी में वोट मिलेगा। 

बता दें कि शनिवार को सपा नेता वीरेंद्र शुक्ला के निवास पर श्रीराम सुंदर धनपति देवी टी-20 क्रिकेट लीग के तहत टीम में शामिल क्रिकेटरों को पुरस्कार वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस दौरान वहां पहुंचे सपा विधायक हसन रूमी ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पर निशाना साधते हुये कहा कि हमारे नेता अखिलेश यादव के बारे में अनर्गल टिप्पणियां सस्ती लोकप्रियता हासिल करने के लिए की गयी है। यह जिस परिवार से आते हैं उस परिवार के प्रमुख लोग भारतीय जनता पार्टी में हैं। किसे प्रमोट करने के लिए उन्होंने हमारे नेता अखिलेश यादव पर टिप्पणी की है यह सबको मालूम है।

अजय राय भाजपा के इशारे पर काम कर रहे हैं। आगामी लोकसभा चुनाव में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने इंडिया गठबंधन में लोकसभा चुनाव लड़ने का निश्चय किया है। निश्चित रूप में हम लोग इस जुल्मी सरकार को उखाड़ फेंकने का काम करेंगे और इंडिया गठबंधन जीतेगा। कहा कि लोकसभा में इंडिया के अधिकांश सांसद जीत के जाएं उसके बाद सभी सांसद जिसे तय करेंगे वही प्रधानमंत्री बनेगा।

कहा कि संसदीय दल अगर अखिलेश यादव के नाम पर मुहर लगाता है और वह प्रधानमंत्री बनते हैं तो जिस तरह उत्तर प्रदेश का विकास हुआ वैसे ही देश का भी विकास होगा। सन-2012 से पहले उन्नाव की स्थिति किसी से छिपी नहीं है। अखिलेश यादव के नाम पर ही इंडिया गठबंधन को प्रदेश में वोट मिलेंगे।

ये भी पढ़ें -अमेठी में मृत गाय को ट्रैक्टर से बांधकर घसीटा, वीडियो वायरल

संबंधित समाचार