सुलतानपुर: 5,222 अभ्यर्थियों ने किया पीईटी परीक्षा से किनारा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सुलतानपुर, अमृत विचार। शनिवार को प्रतापगढ़, आजमगढ़, जौनपुर जिले से आए अभ्यर्थियों के लिए सुलतानपुर में  16 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। जहां पर दोनों पालियों में 5,222 अभ्यर्थियों ने प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) से किनारा कर लिया। परीक्षा को सकुशल नकलविहीन संपन्न कराने के लिए डीएम कृत्तिका ज्योत्स्ना, एसपी सोमेन बर्मा लगातार परीक्षा केंद्रों की निगरानी करते रहे।

वहीं परीक्षा में सात सेक्टर मजिस्ट्रेट, चार जोनल मजिस्ट्रेट जिले के 16 परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करते रहे। जिला विद्यालय निरीक्षक रविशंकर ने बतया कि प्रथम पाली में 16 परीक्षा केंद्रों पर 7,968 अभ्यर्थियों को परीक्षा देना था। जिसमें से 2,676 अभ्यर्थी अनुपस्थित पाए गए। वहीं दूसरी पाली में 2,546 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी है।

अनुराग की जगह प्रमोद दे रहा था परीक्षा
जिला मुख्यालय पर स्थित राणा प्रताप महाविद्यालय में दूसरी पाली में प्रारंभिक अर्हता परीक्षा में एक अभ्यर्थी दूसरे के स्थान पर परीक्षा देते पकड़ा गया। प्राचार्य डॉ डीके त्रिपाठी ने बताया कि वास्तविक अभ्यर्थी अनुराग सोनकर निवासी कुसियन जौनपुर की जगह प्रमोद कुमार मझगवा बिहार परीक्षा दे रहा था। आधार कार्ड पर चेहरा मिल रहा था लेकिन बायोमैट्रिक में खुलासा हुआ। पुलिस बुलाकर उसे सौंप दिया गया। नगर कोतवाली में तहरीर देते हुए प्राचार्य ने अभ्यर्थी पर कार्यवाही की मांग की है।

बस स्टेशन पर उमड़ा अभ्यर्थियों का हुजूम
प्रथम पाली व द्वितीय पाली की परीक्षा समाप्त होने के बाद बस स्टेशन पर अभ्यर्थियों का हूजूम उमड़ आया। घर जाने की जल्दी में लोग बसों में खड़े होकर सफर करने के लिए निकल पड़े। फिलहाल बस स्टेशन पर बसों की कमी नजर नहीं आए। बनाए गए चारो अस्थाई बस स्टेशन पर कर्मी मौजूद रहे।

भटकते दिखे अभ्यर्थी
गैर जनपद से आए अभ्यर्थी परीक्षा केंद्रों का पर सही पता न होने के चलते भटकते नजर आए। जौनपुर से आए राम बहादुर के प्रवेश पत्र पर सेमरी लिखा था तो जयसिंहपुर तहसील पहुंच गए तो स्थानीय लोगों ने उन्हे उनके परीक्षा केंद्र लंभुआ मोटर साइकिल से भिजवाया। ऐसे ही अन्य छात्र समय से परीक्षा केंद्र न पहुंच पाने के कारण परीक्षा छोड़ दी।

परिवहन निगम के दावे हुए फेल
जिले से लखीमपुर खीरी जाने वाले अभ्यर्थियों को सीधी बस सेवा देने में परिवहन निगम सफल नहीं हो पाया। अभ्यर्थियों को बस बदल कर जाना पड़ रहा है। बस स्टेशन इंचार्ज एनआर सरोज ने बताया कि बस कम होने के चलते अभ्यर्थियों को लखनऊ तक भेजा जा रहा है। वहा से लखीमपुर खीरी भेजा जा रहा है।

जौनपुर के अभ्यर्थी ने लगाया मोबाइल चोरी का आरोप
जौनपुर से पहली पाली में राजकीय इंटर कॉलेज में प्रारंभिक अर्हता परीक्षा  देने आए अभ्यर्थी सुनील कुमार यादव ने बताया कि टोकन देकर उसका मोबाइल व ब्लूटूथ जमा कराया गया था। परीक्षा से बाहर निकलने पर उसका मोबाइल व ब्लूटूथ वापस नहीं किया गया। डायल 112 सहित कोतवाली नगर में अभ्यर्थी ने शिकायत की है।

यह भी पढ़ें:-सुलतानपुर दुर्गा पूजा महोत्सवः पूजा पंडालों से उठीं माता रानी, सजाई गईं आकर्षक झांकी

 

संबंधित समाचार