मुरादाबाद : ट्रक ने आगे चल रहे कैंटर और खड़ी कार में मारी टक्कर, दोनों वाहन पलटे...दो घंटे प्रभावित रहा यातायात

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर मूंढापांडे थाना क्षेत्र के जीरो प्वाइंट पर भिड़े वाहन और क्षतिग्रस्त हुई कार।

मुरादाबाद, अमृत विचार। दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर मुंढापांडे थाना क्षेत्र के जीरो प्वाइंट चौराहा पर रविवार तड़के चार बजे के दौरान दिल्ली की ओर से आ रहे ट्रक ने आगे चल रहे कैंटर में टक्कर मार दी। यही नहीं, ट्रक की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह एक हादसे के बाद सामने कुछ दूरी पर खड़ी कार में भी टक्कर मार दी। इसमें कार सवार महिला घायल हो गई है। ट्रक में फल (सेब) लोड थे। हादसा इतना भयंकर था कि ट्रक और कैंटर हाईवे किनारे गहरी खाई में जाकर पलट गए। बीच मार्ग पर ही फलों से भरा ट्रक पलट गया।

घटना के बाद मार्ग पर वाहनों का लंबा जाम लग गया। यातायात बहाल करने में दो घंटे लग गए। सूचना पाकर भारी पुलिस बल के साथ मूंढापांडे थाना प्रभारी दीपक मलिक मौके पर पहुंचे थे। कार सवार घायल महिला को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजकर भर्ती कराया है। फिर उन्होंने कड़ी मशक्कत से मार्ग पर वाहनों के जाम को मुक्त कर रास्ता बहाल कराया। पुलिसकर्मियों ने पलटे ट्रक को क्रेन की मदद से मार्ग से हटवाया। चालक पलटा ट्रक छोड़कर फरार हो गया था।

बताया जा रहा है कि घायल महिला मुरादाबाद की रहने वाली है। वह उत्तराखंड के हल्द्वानी से देर रात अपने घर मुरादाबाद लौटकर आ रही थी। कार से महिला के जीरो पॉइंट के चौराहे पर पहुंचते ही उसके साथ हादसा हो गया। महिला ने हाईवे क्रॉस कर मुरादाबाद की तरफ आने के लिए वहीं पर कार खड़ी की थी। हादसे में कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : बढ़ते साइबर क्राइम की चुनौती से निपटने को पुलिस अलर्ट

संबंधित समाचार