अयोध्या : एक्सिस बैंक ने यूपी ग्रामीण बैंक को 10 विकेट से हराया
मैन-ऑफ-द मैच सचिन को अमरवीर ने किया पुरस्कृत
अयोध्या, अमृत विचार। सचिन सिंह की घातक गेंदबाजी की बदौलत एक्सिस बैंक टीम ने लीग मुकाबले में यूपी ग्रामीण बैंक टीम पर 10 विकेट से जीत दर्ज की। मैन-ऑफ-द मैच रहे सचिन को अमरवीर ने पुरस्कृत किया।
छावनी क्षेत्र के सदर बाजार खेल मैदान पर रविवार को बीपीएल का मुकाबला एक्सिस बैंक व यूपी ग्रामीण बैंक टीमों के बीच खेला गया।। पहले बल्लेबाजी करने उतरी यूपी ग्रामीण बैंक टीम निर्धारित 10 ओवर में आठ विकेट खोकर महज 52 रनों पर सिमट गई।टीम के एकमात्र सफल बल्लेबाज अभिषेक ने तीन चौके की मदद से 23 रन बनाए। एक्सिस बैंक टीम की ओर से सचिन ने तीन ओवरों में मात्र आठ रन देकर चार विकेट लिए। आलोक सिंह व सत्येंद्र ने दो-दो विकेट लिए। जवाब में जीत के लिए 53 रनों का लक्ष्य लेकर बल्लेबाजी करने उतरी एक्सिस बैंक टीम ने बिना विकेट गंवाए महज 4.5 ओवरों में ही आसानी से लक्ष्य प्राप्त कर लिया।
एक्सिस बैंक टीम के नीतीश चौधरी ने एक छक्का व पांच चौके की मदद से 37 अविजित व इमरान ने एक चौके की मदद से 11 रनों की अविजित पारी खेली। इस अवसर पर बीपीएल आयोजन अध्यक्ष रवि यादव, अमरवीर, एसएन यादव, मुकेश व धनंजय मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें -महाकुंभ 2025: मौनी अमावस्या पर संगम में छह करोड़ श्रद्धालु लगाएंगे आस्था की डुबकी
