शाहजहांपुर: दूसरे दिन भी बमुश्किल 60 फीसदी परीक्षार्थियों ने दी प्रारंभिक अर्हता परीक्षा
शाहजहांपुर, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा 2023 (पीईटी) दूसरे दिन रविवार को महानगर के 22 केंद्रों पर शांतिपूर्वक संपन्न हो गई। दूसरे दिन की प्रथम पाली में 4065 और द्वितीय पाली में 3942 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
जबकि प्रथम पाली में 6255 और द्वितीय पाली में 6378 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा खत्म होने के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली। पहली दिन की तरह दूसरे दिन भी प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक और द्वितीय पाली की परीक्षा अपरान्ह तीन से पांच बजे संचालित हुई।
सभी केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया था। केंद्रों के बाहर सभी महिला-पुरुष अभ्यर्थियों की गहन तलाशी ली गई और प्रवेश पत्र तथा पहचान पत्र देखने के बाद ही परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र के अंदर प्रवेश दिया गया। सीटिंग प्लान के अनुरूप परीक्षार्थी अपने निर्धारित कक्ष में पहुंचें, इसके लिए सभी केंद्रों के बाहर नोटिस बोर्ड पर तथा दीवारों पर सीटिंग प्लान की कक्षवार सूची चस्पा की गई।
महिला परीक्षार्थियों के साथ उनके अभिभावक भी साथ आए थे, जो परीक्षा के दौरान इधर-उधर जहां कहीं भी समुचित जगह मिली, वहां बैठै समय काटते नजर आए। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा में दूसरे दिन भी लगभग 60 फीसदी परीक्षार्थी ही शामिल हो सके और करीब 40 प्रतिशत अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
डीआईओएस कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार प्रथम पाली में पंजीकृत 10320 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 6255 परीक्षा में शामिल हुए और 4065 अनुपस्थित रहे। इसी तरह द्वितीय पाली में पंजीकृत 10320 अभ्यर्थियों में 6378 परीक्षा में बैठे और 3942 गैर हाजिर रहे।
सेक्टर मजिस्ट्रेट तहसीलदार जलालाबाद पैगाम हैदर, तहसीलदार पुवायां मनोज कुमार सिंह, तहसीलदार कलान मोहम्मद अजहर, तहसीलदार तिलहर अरुण सोनकर, नायब तहसीलदार सदर अनुराग दुबे, एआरटीओ प्रवर्तन शांति भूषण पांडेय और अभिशासी अभियंता विपिन कुमार सिंह अपने क्षेत्र में परीक्षा अवधि में लगातार भ्रमण पर रहे और व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। परीक्षा को शांतिपूर्वक और निर्विघ्नरूप से संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट भी नियुक्त रहे।
वहीं, डीएम उमेश प्रताप सिंह, नोडल अधिकारी एडीएम प्रशासन संजय पांडेय, सिटी मजिस्ट्रेट डॉ. वेद प्रकाश मिश्र, डीआईओएस हरिवंश कुमार आदि ने भी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कुल मिलाकर दोनों दिन की परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हुई।
