Halloween party: अमेरिका में हैलोवीन पार्टी के दौरान गोलीबारी, 15 लोग घायल... आरोपी हिरासत में

Halloween party: अमेरिका में हैलोवीन पार्टी के दौरान गोलीबारी, 15 लोग घायल... आरोपी हिरासत में

शिकागो। अमेरिका में शिकागो शहर में एक हैलोवीन पार्टी के दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने गोलीबारी की जिसमें कम से कम 15 लोग घायल हो गए। इस संबंध में एक संदिग्ध आरोपी को हिरासत में लिया गया है। स्थानीय पुलिस ने सोमवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शिकागो शहर में इलिनोइस के उत्तरी लॉन्डेल जिले में हुई गोलीबारी में एक संदिग्ध को हिरासत में ले लिया गया है।

पुलिस ने बताया, “इलाके में गोलीबारी की कॉल मिलने के बाद पुलिस कर्मी अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और देखा कि एक अज्ञात व्यक्ति उस स्थान पर गोलीबारी कर रहा है जहां पहले से सभा हो रही थी। हमले को अंजाम देने के बाद हमलावर भागने लगा लेकिन कुछ ही दूरी पर पुलिस अधिकारियों ने उसे हिरासत में ले लिया।” 

पुलिस ने कहा कि यह घटना रविवार सुबह एक पार्टी के दौरान हुई जिसमें लगभग 100 लोग शामिल थे। बयान में कहा गया कि सामूहिक गोलीबारी में घायल हुए लोगों की पहचान की गयी है। पुलिस ने बताया कि सभी घायलों को अस्पताल ले जाया गया जिनमें से 26 वर्षीय महिला और 48 वर्षीय पुरुष की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने कहा कि एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है और उसके पास से हैंडगन जब्त कर ली गई है।

ये भी पढ़ें:- Halloween : इंसान प्राचीन मेसोपोटामिया से ही मृत्यु के बाद के जीवन से आकर्षित रहा है