हल्द्वानी: अब सरकारी कार्यक्रमों में प्रयुक्त होंगे आंचल के दुग्ध उत्पाद
हल्द्वानी, अमृत विचार। आंचल को और अधिक प्रोत्साहित व लोकप्रिय बनाने को लेकर राज्य के समस्त सरकारी व अर्द्धसरकारी संस्थानों में होने वाले कार्यक्रमों व बैठकों में आंचल ब्रांड के ही दुग्ध एवं दुग्ध उत्पादों का उपयोग किया जायेगा। इस संबंध में मुख्य सचिव डॉ. एसएस संधु ने निर्देश जारी किए हैं। जिसका सीधा आर्थिक लाभ दुग्ध उत्पादकों को होगा।
नैनीताल दुग्ध संघ अध्यक्ष व प्रशासक सहकारी डेरी फैडरेशन मुकेश बोरा ने मुख्यमंत्री, दुग्ध मंत्री व मुख्य सचिव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस आदेश के लागू होने से जहां आंचल दुग्ध एवं उससे बने उत्पादों की बिक्री में अप्रत्याशित वृद्धि होगी।
वहीं दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा की प्रदेश में दुग्ध मूल्य क्रय दर कम से कम 50 रुपये लीटर की मुहिम भी पूर्ण हो सकेगी। जिसका प्रदेश के 52 हजार दुग्ध उत्पादक को सीधे आर्थिक लाभ होगा। बोरा ने बताया कि दीपावली त्योहार के मद्देनजर नैनीताल दुग्ध संघ ने अपने दुग्ध उत्पादकों को समय अंतर्गत 1 करोड़ 51 लाख की धनराशि का भुगतान कर दिया है। इस दौरान सामान्य प्रबंधक नैनीताल दुग्ध संघ निर्भय नारायण सिंह, संचालक मंडल सदस्य भगत सिंह कुमटिया, महिमान सिंह चौहान आदि मौजूद रहे।
