मथुरा: यमुना नदी में स्नान करते समय पोते के साथ डूबे दादा का शव तीसरे दिन बरामद
मथुरा। मथुरा में यमुना नदी में स्नान करते समय अपने पोते के साथ डूब गये दादा का शव सोमवार को तीसरे दिन यहां सदर थाना क्षेत्र में गोकुल बैराज के समीप बरामद कर लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी और कहा कि बच्चे की तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार दादा एवं पोता शनिवार को यमुना नदी में स्नान करते समय डूब गए। काफी प्रयास के बाद सोमवार को दादा का शव यहां सदर थाना क्षेत्र में गोकुल बैराज के समीप मिल गया, परंतु पोते का अभी तक कुछ पता नहीं चल सका है।
थाना प्रभारी (एसएचओ) विजय कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार को दिल्ली के बीएसएफ कैंप रोड स्थित गौतम कॉलोनी निवासी महेंद्र त्रिपाठी (58) परिवार के साथ अपने सात वर्षीय पौत्र देव का जन्मदिन मनाने वृन्दावन आए थे। उन्होंने कहा कि त्रिपाठी देव के साथ अपराह्न साढ़े चार बजे के करीब यमुना नदी में स्नान करने के लिए विहार घाट चले गए। एसएचओ ने बताया कि नहाते समय दोनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। घाट पर खड़े देव के पिता आशीष व अन्य लोगों ने उन्हें बचाने के लिए सहायता की पुकार लगाई, किंतु उस समय घाट पर कोई तैराक नहीं होने के कारण उन्हें नहीं बचाया जा सका।
आशीष त्रिपाठी ने तुरंत इस घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने गोताखोरों एवं स्टीमर की मदद से दोनों की तलाश की, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चल सका। रविवार को भी दोनों की तलाश जारी रही। सोमवार शाम महेंद्र त्रिपाठी का शव गोकुल बैराज के समीप झाड़ी में अटका मिला परंतु उनके पौत्र का कोई पता नहीं चल सका है। पुलिस अब बैराज और उसके आगे भी देव की तलाश कर रही है।
ये भी पढ़ें- Karwa Chauth: इस गांव की विवाहित महिलाएं नहीं करती हैं करवा चौथ का व्रत, वजह जान उड़ जाएंगे होश
