प्रतापगढ़: पैसे के विवाद में युवक अगवा, शिकायत करने कोतवाली जा रही बुआ की मौत
प्रतापगढ़, अमृत विचार। पैसे के लेनदेन के विवाद में खेत में सिंचाई कर रहे युवक को बोलेरो सवार लोगों ने अगवा कर लिया। सोमवार को घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने नगर कोतवाली आ रही युवक की चचेरी बुआ ने तहसील के पास हृदयाघात से दम तोड़ दिया। नगर कोतवाली के पृथ्वीगंज पुलिस चौकी अंतर्गत भगेसरा गांव के दीपक यादव (27) रविवार रात करीब आठ बजे घर से 100 मीटर दूर पंपिंग सेट पर रहकर खेत की सिंचाई कर रहा था।
परिजनों के अनुसार बोलेरो सवार लोग आए उसका अपहरण कर लिया। रात 12 बजे तक न मिलने पर परिजनों ने घटना की सूचना पृथ्वीगंज पुलिस चौकी पर दी। अपहरण की सूचना पर चौकी प्रभारी अंकित श्रीवास्तव सिपाहियों के साथ मौके पर पहुंचे। उसके दोस्त आशीष को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। इसके बाद घटना में प्रयुक्त गाड़ी मिल गई। पुलिस ने युवक की खोजबीन शुरू कर दी।
सुबह युवक की मां व चचेरी बुआ अंकिता यादव नगर कोतवाली में तहरीर देने जा रही थीं। कोतवाली पहुंचने के पहले तहसील सदर के पास अचानक तबीयत बिगड़ जाने से अंकिता (36) गश खाकर गिरी और सांसे थम गईं। घर वाले शव को लेकर घर चले गए और अंतिम संस्कार कर दिया। नगर कोतवाल सत्येंद्र सिंह ने बताया कि दीपक की लोकेशन जौनपुर में मिली है। जल्द ही बरामद किया जाएगा।
यह भी पढ़ें:-हरदोई: घर से भागे प्रेमी युगल ने पंथ बारी मंदिर में रचाई शादी, परिजनों ने लगाया था यह आरोप
