Karwa Chauth 2023: कानपुर में करवाचौथ को लेकर बाजार हुए गुलजार, इस करवा की हो रही ज्यादा डिमांड
कानपुर में करवाचौथ के बाजार में ‘मीना’करवा की धूम।
कानपुर में करवाचौथ के बाजार में ‘मीना’करवा की धूम। कोलकाता की कारीगरी वाले चांदी के करवा के प्रति महिलाओं का रुझान बढ़ा। पारंपरिक चांदी की बिछिया और डिजायनर पायल की बिक्री तेज हो गई।
कानपुर, अमृत विचार। करवाचौथ के पर्व पर ज्वैलरी बाजार में महिलाओं की ओर से विशेष खरीदारी हो रही है। इनमें खासतौर पर चांदी के करवा, दिया स्टैंड और पारंपरिक डिजायनर पायल और बिछिया शामिल है। उधर सोने के आभूषणों में बाजार में सबसे ज्यादा अंगूठी और झुमकों की मांग आ रही है।
करवाचौथ के बाजार पर कारोबारियों ने बताया कि इस बार बाजार में खासतौर पर ‘मीना’ कारीगरी के करवे सबसे ज्यादा महिलाओं को लुभा रहे हैं। इन करवों पर विशेषतौर पर कोलकाता के कारीगरों की ओर से बारीक डिजाइन की जाती है। इन डिजाइन को हरे रंग से उकेरा जाता है। इस विशेष कारीगरी में सामान्यतौर पर फूल, पत्ती और मोर जैसी डिजाइन उकेरी जाती है।
इसके आलावा बाजार में फैंसी करवे भी मौजूद हैं। इन पर डिजिटल डिजाइन के साथ चमकीली पॉलिश भी की जाती है। बाजार के बारे में बिरहाना रोड के मनोहर लाल परसवानी ज्वैलर्स के हरीश चंदलानी ने बताया कि सोमवार को बाजार में महिलाओं की ओर से अन्य दिनों के मुकाबले अधिक खरीदारी की गई है।
इनमें चांदी के करवों के अलावा पायल, बिछिया और चांदी के अन्य पूजन में इस्तेमाल होने वाले बर्तन शामिल हैं। महिलाओं की ओर से इस बार चांदी के गिलास, कटोरी और डिजाइनर थाली की भी खरीदारी की जा रही है।
उपहार के लिए सोने की अंगूठी
सोना कारोबारियों ने बताया कि बाजार में पतियों की ओर से पत्नियों को उपहार देने के लिए सोने की अंगूठी सबसे अधिक मांग पर है। इसके अलावा सोने की डोरी वाले और छत्ता झुमकों की मांग भी बढ़ी है। नए शादीशुदा जोड़े हल्की सोने की चेन की ओर से अधिक प्रभावित हैं।
सोने के भाव में आई तेजी
त्योहारों के मौसम में सोने के दाम ने भी उछाल मार दिया है। अक्टूबर महीने में ही सोने के दामों में 4,150 रुपये की तेजी देखी गई है। इंडियन बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन के आंकड़ों की माने तो तीन अक्टूबर को मुंबई में सोने का दाम 56,675 प्रति दस ग्राम था जो 27 अक्टूबर को बढ़कर 60,825 हो गया। इसी तरह दिल्ली के बाजार में सोने का भाव 3 अक्टूबर को 57,550 प्रति दस ग्राम था जो 27 अक्टूबर को 4,450 रुपये बढ़कर 62 हजार रुपये प्रति दस ग्राम पहुंच गया।
ये भी पढ़ें- Teen Talaq: सऊदी अरब से वीडियो कॉल में पति ने पत्नी को दिया तलाक, महिला के यह करने से हो गया था नाराज
