Teen Talaq: सऊदी अरब से वीडियो कॉल में पति ने पत्नी को दिया तलाक, महिला के यह करने से हो गया था नाराज
कानपुर में आईब्रो बनवाने पर सऊदी अरब से पति ने पत्नी को तीन तलाक दे दिया।
कानपुर में आईब्रो बनवाने पर सऊदी अरब से पति ने पत्नी को तीन तलाक दे दिया। तलाक देने के बाद ससुरालीजनों ने विवाहिता को घर से निकाल दिया। पीड़िता ने मामले की शिकायत पुलिस कमिश्नर से की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
कानपुर, अमृत विचार। सऊदी अरब में रहने वाले युवक ने अपनी पत्नी को सिर्फ इतनी सी बात पर तलाक दे दिया, कि उसने अपनी आईब्रो बनवा ली थी। घटना से आहत पत्नी ने पति को लाख मनाने की कोशिश की, लेकिन उसका दिल नहीं पसीजा और बात करना बंद कर दिया। तलाक देने के बाद ससुरालीजनों ने विवाहिता को घर से निकाल दिया। पीड़िता ने मामले की शिकायत पुलिस कमिश्नर से की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
तुमने आईब्रो क्यों बनवाई… तुम्हे पता है मुझे यह सब पसंद नहीं है। आज के बाद मुझसे तुम्हारा कोई नाता नहीं…तलाक… तलाक… तलाक… यह घटना कुली बाजार निवासी गुलसबा के साथ घटी। शादी के बाद आईब्रो बनवाने से नाराज पति ने सऊदी अरब से पत्नी को तीन तलाक दे दिया। गुलसबा ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2022 में प्रयागराज निवासी मो. सालिम से हुई थी।
गुलसबा ने बताया कि शादी के तीन माह बाद मो. सालिम काम के सिलसिले में सऊदी अरब चले गए। बताया कि एक दिन वीडियो कॉल के दौरान मो. सालिम से की नजर उनकी आईब्रो पर पड़ी। आईब्रो बनवाने पर आक्रोशित मो. सालिम का गुलसबा से विवाद हो गया। जिसके बाद सालिम ने वीडियो कॉल काट कर गुलसबा को बात न मानने पर तीन तलाक दे दिया।
गुलसबा ने आरोप लगाया कि तीन तलाक देने के बाद ससुरालीजनों से उन्हें घर से बाहर निकाल दिया। जिसके बाद से वह मायके में रह रहीं है। गुलसबा ने ससुरालीजनों की शिकायत बादशाहीनाका थाने में की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। जिसके बाद गुलसबा ने पुलिस कमिश्नर आरके स्वर्णकार से मामले की शिकायत की। पीड़िता ने आरोप लगाया कि पुलिस कमिश्नर से शिकायत के बावजूद अब तक पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है।
