रुद्रपुर: इंग्लैंड का वीजा-पासपोर्ट बनाने के नाम पर कबूतरबाजों ने ठगे 14 लाख रुपये
रुद्रपुर, अमृत विचार। बिलासपुर यूपी के रहने वाले एक व्यक्ति ने कबूतरबाजों पर बेटे को इंग्लैंड में पढ़ाई का वीजा बनाने का झांसा देकर लाखों की ठगी करने का आरोप लगाया है। आरोप था कि जब वीजा नहीं बना और पैसों का दबाव बनाया गया तो आरोपियों ने धमकी देनी शुरू कर दी। पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं होने पर पीड़ित ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। अब पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार ग्राम गोविंदपुरा कचनाल बिलासपुर यूपी निवासी सुच्चा सिंह ने बताया कि वह अपने बेटे को इंग्लैंड पढ़ाई के लिए भेजना चाहता था। जिसके लिए उसने गाबा चौक स्थित बरार ओवरसीज कार्यालय में संपर्क किया।
जहां संचालक खुशवंत सिंह निवासी बेरिया रोड शिवपुरी टोडपुरा उर्फ छोटू पुरा बाजपुर ने अपनी पत्नी किरनदीप कौर और ससुर मनमोहन सिंह से संपर्क किया। बताया कि पढ़ाई के लिए इंग्लैंड भेजने का खर्च 15 लाख रुपये देना होगा। जिसमें वीजा-पासपोर्ट के साथ ही सारी सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। बातों पर विश्वास करते हुए उसने 22 से 27 मार्च 2022 तक कई बार नगद ऑनलाइन भुगतान किया।
इसके अलावा 8 अगस्त को भी कई बार भुगतान किया गया। सितंबर माह तक 14 लाख ओवरसीज संचालकों को भुगतान किया जा चुका था। जब कई दिन बाद भी वीजा-पासपोर्ट बनकर नहीं आया तो तो बेटे ने लगातार संचालकों से 14 लाख रुपये का भुगतान करने का दबाव बनाया।
आरोप था कि दबाव बनाने पर संचालकों द्वारा बेटे और खुद को फोन पर जान से मारने की धमकियां देनी शुरू कर दी। जिसका शिकायती पत्र एसएसपी को भेजा गया। मगर पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं करने पर न्यायालय की शरण ली गई। जिसके बाद पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।
