Farrukhabad News: टीका लगाने के बाद नवजात की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
फर्रुखाबाद में टीका लगाने के बाद नवजात की मौत।
फर्रुखाबाद में टीका लगाने के बाद नवजात की मौत। परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
फर्रुखाबाद, अमृत विचार। कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के गांव अताईपुर में मंगलवार की सुबह नवजात को एएनएम ने टीका लगाया। रात में उसकी हालत बिगड़ गई और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। मौत पर परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने टीका लगने के बाद ही बेटे की हालत बिगड़ने का आरोप लगाया है। घटना की जानकारी पर पुलिस ने मौके कर जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मंगलवार को क्षेत्र के गांव अताईपुर के मोहल्ला बरी निवासी आशीष के दो माह पुत्र उदित को टीका लगा था। उदित की मां पायल का कहना है रात करीब दो बजे उसकी अचानक हालत बिगड़ गई। नाक से ब्लड आया और उल्टी हुई कुछ देर ही उसकी मौत हो गई। अचानक बेटे की मौत पर परिवार में कोहराम मच गया। चीत्कार से सभी के दिल दहल गए।
आसपास के लोग आ गए। परिजनों ने आरोप लगाया कि टीका लगने के बाद ही उसके बेटे की हालत बिगड़ी और मौत हो गई। घटना की जानकारी पर बुधवार की सुबह कोतवाली के दरोगा सुनील कुमार फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। जहां परिजनों ने टीका लगने से ही मौत होने की बात कही। इस पर पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की मां पायल का कहना है उसकी एक साल पहले ही शादी हुई है। यह उसका पहला पुत्र है। 7 सितंबर को ही बेटे का जन्म हुआ था। घटना की जानकारी स्वास्थ विभाग को दी गई। वही पुलिस को भी तहरीर दी गई है, जिसमें एएनएम व आशा पर आरोप लगाया गया है।
नवजात की मौत पर जांच टीम गठित
सीएचसी अधीक्षक डा. शोभित कुमार ने बताया एक वायल में दस डोज होती है। एक ही वायल से करीब नौ बच्चों को डोज लगाए गए है, जिसमें एक बच्चा यह भी था। उन्होंने बताया कि शेष आठ बच्चे स्वास्थ है। घटना को लेकर टीम गठित कर जांच कराई जाएगी।
ये भी पढ़ें- Karwa Chauth 2023: इस योग में महिलाएं करेंगी चांद का दीदार… ऐसे करे चंद्रमा की पूजा
