बिजनौर: ट्रक ने कार सवार दोस्तों को रौंदा, एक मौत और तीन घायल
नजीबाबाद-हरिद्वार मार्ग स्थित चिड़ियापुर के पास हुआ हादसा
नहटौर (बिजनौर), अमृत विचार। नजीबाबाद-हरिद्वार मार्ग स्थित चिड़ियापुर के पास बुधवार तड़के ट्रक ने कार सवारों को रौंद किया। इस हादसे में गांव हरगनपुर नवादा निवासी देवेंद्र कुमार की मौत हो गई। जबकि उसके तीन साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को चिकित्सक के यहां भर्ती कराकर शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
बताया गया कि कार सवार देवेंद्र अपने साथी विपिन कुमार निवासी फलोदी, आरिफ निवासी नहटौर व राहुल मिश्रा निवासी सीतापुर के साथ किसी काम से हरिद्वार जा रहे थे। जब वे चिड़ियापुर के पास पहुंचे तो सामने से ट्रक ने उनकी कार में टक्कर मार दी।
इससे कार के परखच्चे उड़ गए और देवेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। विपिन, आरिफ व राहुल गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पाकर हरिद्वार पहुंचे घायलों के परिजनों ने विपिन व राहुल मिश्रा को ऋषिकेश के एम्स और आरिफ को देहरादून के मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया। जहां तीनों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
ये भी पढ़ें:- बिजनौर: इंदिरा गांधी व पटेल के बताए मार्ग पर चलने का लिया संकल्प
