Dengue In Kanpur: शहर में लगातार मिल रहे डेंगू के मरीज, विशेष अभियान भी साबित हो रहा नाकाम
कानपुर में लगातार डेंगू के मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है।
कानपुर में लगातार डेंगू के मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। विशेष अभियान भी नाकाम साबित हो रहा।
कानपुर, अमृत विचार। जिले में विशेष संचारी नियंत्रण अभियान का कोई असर नहीं दिख रहा है। प्रतिदिन डेंगू व चिकनगुनिया के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। मच्छरजनित रोगों पर स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार अधिकारी अंकुश लगाने में नाकाम साबित हो रहे हैं। गुरुवार को भी 14 नए डेंगू संक्रमित मिले और 173 लोगों में मच्छरजनित रोगों के लक्षण पाए गए।
स्वास्थ्य विभाग से गुरुवार को जारी रिपोर्ट के मुताबिक कर्नलगंज, चंद्रनगर, नरवल, गांधीग्राम, डिप्टीपड़ाव, चटाई मोहाल, तेजाब मिल कैम्पस, अहिरवां, सनिगवां, रानीघाट, गूबा गार्डन, रामादेवी व कैलाश विहार में 14 लोग डेंगू संक्रमित मिले। जबकि अलग-अलग जगहों पर 112 लोगों में डेंगू के लक्षण पाए गए। गीता नगर में एक मरीज चिकनगुनिया का मिला और छह लोगों में चिकनगुनिया के लक्षण पाए गए।
साथ ही 55 लोगों में मलेरिया के लक्षण पाए गए। संचारी रोगों के नोडल अधिकारी व एसीएमओ डॉ.आरपी मिश्रा ने बताया कि टीम ने गुरुवार को करीब 25 मोहल्ले में 3806 घरों का सर्वे किया, जिनमें से 69 घरों में डेंगू के लार्वा पाए गए। टीम ने संक्रमित क्षेत्र व आसपास जगहों में लार्वानाशक का छिड़काव किया। साथ ही लक्षणयुक्त लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे।
शरीर का दर्द नहीं छोड़ रहा पीछा
वायरल बुखार से ग्रस्त मरीजों में शरीर, जोड़ों व मांसपेशियों में दर्द पीछा नहीं छोड़ रहा है। इसके साथ ही गले में दर्द व खांसी भी एक सप्ताह से परेशान कर रही है। वहीं, लोगों में लिवर में सूजन की समस्या भी सामने आ रही है, जिसकी वजह से उल्टी व दस्त से लोग ग्रसित हो रहे हैं। इधर, तापमान में उतार-चढ़ाव के कारण भी लोग अब बुखार, खांसी, जुकाम आदि रोग की चपेट में आ रहे हैं। वायरल बुखार, मौसमी बुखार व मच्छरजनित रोगों के हमले से हैलट, उर्सला, केपीएम व कांशीराम संयुक्त अस्पताल में प्रतिदिन करीब एक हजार मरीज इलाज कराने को पहुंच रहे हैं, जिसमें से करीब सौ मरीजों को भर्ती किया जा रहा है।
ये भी पढें- MP के बाद UP के कानपुर में भी पेशाब कांड, पुलिसकर्मी ने दुकान में की टॉयलेट, VIDEO VIRAL
