अयोध्या: परिषदीय विद्यालयों के एक लाख 30 हजार बच्चों का स्वेटर 'आधार' में फंसा, अब सुबह ठंड में कैसे स्कूल जाएंगे छात्र?
अयोध्या। सुबह के वक्त जब बच्चे स्कूल जाते हैं तो मौसम सर्द रहता है। इस वजह से बेसिक शिक्षा विभाग के परिषदीय स्कूलों में पढ़ने वाले हजारों बच्चों को ठिठुरते हुए स्कूल जाना पड़ रहा है। कुछ बच्चे पुराने तो कुछ घरेलू स्वेटर पहनकर स्कूल जाने के लिए विवश हैं। 1 लाख 50 हजार बच्चे अभी भी शासन से मिलने वाली धनराशि का इन्तजार कर रहे हैं।
जिले भर में संचालित लगभग 1792 परिषदीय स्कूलों में करीब 4 लाख 46 हजार छात्र छात्राएं पंजीकृत हैं। शैक्षिक सत्र 2023-24 में प्रदेश सरकार की तरफ से हर बच्चे को मुफ्त ड्रेस, जूता, मोजा व स्वेटर के लिए 1200 रुपये की धनराशि दी जानी है। यह रुपया सीधे अभिभावकों के खाते में पहुंचना है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय की प्रगति रिपोर्ट के अनुसार अब तक 2 लाख 96 हजार बच्चों के अभिभावकों के खाते में योजना के तहत पैसा भेजा जा चुका है। इसके बाद 60 हजार बच्चों व उनके अभिभावकों के आधार व अन्य ब्यौरा को फीड कर दिया गया है।
इनमें सत्यापन के बाद करीब 40 हजार बच्चों को शासन की योजना का लाभ एक हफ्ते के अंदर मिल जाने की उम्मीद है। वहीं अन्य करीब 90 हजार बच्चों, उनके अभिावकों के आधार कार्ड को संकलित करने व विभागीय पोर्टल पर डेटा फीड कर सत्यापन करने की प्रक्रिया अभी चल रही है।
शासन की योजना का लाभ पात्र बच्चों तक पहुंचाने के लिए पूरा प्रयास कर रहे हैं। खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जो भी छात्र, छात्राएं अवशेष हैं उनका आधार कार्ड फीडिंग का कार्य जल्द पूरा कराएं। ताकि लाभार्थियों के खाते में धनराशि स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी कराई जा सके।
- संतोष कुमार राय, बेसिक शिक्षा अधिकारी, अयोध्या
यह भी पढ़ें: PDA फॉर्मूले को लगा झटका, सपा से अलग हुए रवि प्रकाश वर्मा
