खाद्य विभाग ने 80 किलो खराब छेना कराया नष्ट, दीवाली को देखते हुए शुरू किया मिलावटखोरों के विरुद्ध अभियान
बहराइच, अमृत विचार। दीवाली पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा औषधि विभाग की टीम ने शुक्रवार को मिलावट खारों के खिलाफ अभियान शुरू कर दिया है। शुक्रवार को चलाए गए अभियान के दौरान टीम ने एक कारखाने से खराब 80 किलो छेना बरामद कर मौके पर नष्ट कर दिया। छेने की कीमत 12 हजार से अधिक की बताई जा रही है।
जिले में दीवाली की आहट शुरू हो गई है। जिले के विभिन्न स्थानों में संचालित मिष्ठान के कारखानों में दीवाली में बिक्री किए जाने के लिए तरह-तरह की मिठाईयों के निर्माण की तैयारी भी शुरू हो गई है। लेकिनं दीवाली के पर्व पर कुछ स्थानों पर मिलावटखोर भी सक्रिय होने लगे हैं।

इसी को देखते हुए डीएम मोनिका रानी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग के अभिहित अधिकारी विनोद कुमार शर्मा की अगुवाई में खाद्य सुरक्षाधिकारी डा.विवेक कुमार वर्मा की टीम ने शुक्रवार से जिले में मिलावटखारों के खिलाफ अभियान चलाया। अभियान के दौरान विभाग की टीम ने कैसरगंज स्थित कई मावा के कारखानों का औचक निरीक्षण किया। हालांकि कारखानों में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला, लेकिन कारखानों के कुछ स्थानों पर गंदगी को देखकर टीम ने कारखाना संचालकों को कड़ी फटकार लगाते हुए साफ-रखने के निर्देश दिए।
इसके बाद टीम मदनकोठी स्थित एक छेने के कारखाने का निरीक्षण किया। निरीक्षण में टीम को कारखाने में रखा छेना प्रथम दृष्टया छेना खराब होने का संदेह पर छेने का नमूना एकत्रित कर मौके पर 80 किलो छेना नष्ट करा दिया गया। टीम द्वारा नष्ट कराए गए छेने की कीमत 12 हजार से अधिक की बताई गई है।
विभाग के डीओ विनोद शर्मा ने बताया कि शुक्रवार की कार्रवाई में 80 किलो खराब छेना मौके पर नष्ट कराकर छेने का नमूना जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट मिलने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। डीओ ने बताया कि दीवाली के पर्व को देखते अभियान की शुरूआत की गई है। अब अभियान निरंतर जिले के विभिन्न स्थनों पर चलता रहेगा।
