रामपुर: आजम खां की अपील पर 10 को होगी सुनवाई
रामपुर, अमृत विचार। सपा के वरिष्ठ नेता आजम खां की अपील पर शुक्रवार को कोर्ट में सुनवाई नहीं हो सकी। आजम के अधिवक्ता द्वारा कोर्ट में स्थगन प्रार्थना पत्र दिया गया, जिसे स्वीकार करते हुए कोर्ट ने सुनवाई के लिए अब 10 नवंबर की तारीख तय कर दी।
बताते चलें एडीओ सहकारिता अनिल चौहान ने शहजादनगर थाने में आजम खां के खिलाफ लोकसभा चुनाव के दौरान 2019 में नफरती भाषण देने का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने विवेचना के बाद चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की थी। सुनवाई के बाद एमपी-एमएलए कोर्ट मजिस्ट्रेट ट्रायल ने आजम खां को 15 जुलाई को नफरती भाषण देने के मामले में दोषी मानते हुए दो साल की सजा व ढाई हजार रुपये का जुर्माना अदा करने की सुनाई थी।
निचली अदालत के फैसले के खिलाफ आजम खां ने एमपी-एमएलए सेशन कोर्ट में अपील दाखिल की, जिस पर सुनवाई चल रही है। एडीजीसी सीमा राणा ने बताया, आजम खां के अधिवक्ता की ओर से कोर्ट में स्थगन प्रार्थना पत्र दिया गया। कोर्ट ने इस स्थगन पत्र को स्वीकार करते हुए मामले की सुनवाई के लिए अब 10 नवंबर की तारीख तय कर दी है। इसके अलावा डूंगरपुर के एक मामले मे इंस्पेक्टर ने अपने बयान दर्ज कराए।
यह भी पढ़ें- रामपुर : तालाब में उतराता मिला युवक का शव, नहीं हुई शिनाख्त
